पूर्वोत्तर रेलवे की बड़ी उपलब्धि: स्टेशनों पर पूर्व सैनिक बने पॉइंट्समैन, 45 की पहली तैनाती
शंटिंग कार्य, लोड स्थिरीकरण, ट्रेन पायलटिंग और स्टेशन मास्टर को दैनिक संचालन में करेंगे सहयोग

लखनऊ, 19 मार्च 2026
भारतीय रेल में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल ने अपने स्टेशनों पर पूर्व सैनिकों को पॉइंट्समैन के रूप में तैनात करने वाला पहला मंडल बनने का गौरव हासिल किया है। प्रथम चरण में 45 पूर्व सैनिकों को मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर नियुक्त किया गया है।
पूर्वोत्तर रेलवे के जन संपर्क अधिकारी महेश गुप्ता ने बताया कि इस पहल को सफल बनाने के लिए 13 जनवरी 2026 को Army Welfare Placement Organisation (AWPO) के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए थे। चयनित पूर्व सैनिकों को रेलवे प्रशिक्षण केंद्र, गोंडा में 30 दिनों से अधिक अवधि का व्यापक प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें सैद्धांतिक और व्यावहारिक दोनों पहलुओं को शामिल किया गया। महेश गुप्ता ने बताया कि प्रशिक्षण और अंतिम मूल्यांकन के बाद इन कार्मिकों को विभिन्न स्टेशनों पर तैनात किया गया है। ये शंटिंग कार्य, लोड स्थिरीकरण, ट्रेन पायलटिंग और स्टेशन मास्टर को दैनिक संचालन में सहयोग जैसे महत्वपूर्ण कार्यों का निर्वहन करेंगे।

पूर्व सैनिकों की अनुशासित कार्यशैली रेलवे संचालन को बनाएगी अधिक सुरक्षित एवं प्रभावी-गौरव अग्रवाल
मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने कहा कि पूर्व सैनिकों की अनुशासित कार्यशैली रेलवे संचालन को और अधिक सुरक्षित एवं प्रभावी बनाएगी। उन्होंने इस पहल को उत्कृष्ट समन्वय और प्रतिबद्धता का उदाहरण बताया। कार्यक्रम में प्रशिक्षण पूरा करने वाले पूर्व सैनिकों को प्रमाणपत्र भी वितरित किए गए। इस मौके पर रेलवे और AWPO के अधिकारियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे रोजगार और सेवा का उत्कृष्ट मॉडल बताया।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा0) भुवनेश सिंह, अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) नीतू तथा वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक प्रसन्न कात्यायन, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (कोचिंग) अनुज कुमार सिंह, वरिष्ठ मण्डल कार्मिक अधिकारी राहुल यादव, वरिष्ठ मण्डल वित्त प्रबन्धक डा0 आर.के. भारती सहित ’आर्मी वेलफेयर प्लेसमेंट ऑर्गनाइजेशन’ के ब्रिगेडियर श्री एस.एन तिवारी उपस्थित रहे।



