राष्ट्रीय युवा दिवस पर एनआरएमयू लखनऊ मंडल का भव्य युवा कार्यक्रम
एनआरएमयू हमेशा कर्मचारियों के अधिकारों, सम्मान और भविष्य की सुरक्षा के लिए संघर्षरत

लखनऊ, 12 जनवरी 2026
राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर नॉर्दर्न रेलवे मेंस यूनियन (एनआरएमयू) लखनऊ मंडल द्वारा स्वामी विवेकानंद की जयंती के उपलक्ष्य में एक प्रेरणादायी युवा कार्यक्रम का आयोजन 12 जनवरी 2026 को चारबाग स्थित यूनियन कार्यालय में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्र निर्माण, संगठनात्मक एकता और सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूकता पैदा करना रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता एनआरएमयू लखनऊ मंडल के मंडल अध्यक्ष सुधीर तिवारी ने की। इसमें मंडल मंत्री विभूति मिश्र सहित संगठन के जोनल, मंडलीय एवं शाखा पदाधिकारी, युवा प्रतिनिधि, महिला प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में रेलवे कर्मचारी उपस्थित रहे। वक्ताओं ने स्वामी विवेकानंद के विचारों को साझा करते हुए कहा कि युवा शक्ति ही किसी भी संगठन और राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी होती है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए निवर्तमान मंडल मंत्री आर.के. पांडेय, ने कहा कि एनआरएमयू हमेशा कर्मचारियों के अधिकारों, सम्मान और भविष्य की सुरक्षा के लिए संघर्षरत रही है, जिसमें युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। वहीं एस.यू. शाह, जोनल सेक्रेटरी ने युवाओं से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में लखनऊ मंडल की वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अरिमा भटनागर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचारों को जीवन में आत्मसात करने पर बल देते हुए कहा कि उनके आदर्शों से एक बेहतर समाज का निर्माण संभव है।

इसके अलावा अन्य वक्ताओं ने भी अपने संबोधन में कहा कि स्वामी विवेकानंद का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और उनके विचारों पर चलकर ही संगठनात्मक मजबूती और सामाजिक परिवर्तन संभव है। एआईआरएफ की यूथ संयोजक प्रीति सिंह ने संगठन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए युवाओं से एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित साथियों ने युवा सशक्तिकरण, संगठन की मजबूती और रेलवे कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर सभी को शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम का संचालन रंजन सिंह, मंडल युवा संयोजक एवं शुभ्रांशु तिवारी, मंडल युवा सह संयोजक द्वारा किया गया।



