उत्तर प्रदेशदेश-विदेश

BSNL के सॉफ्टवेयर सिस्टम में भारी खराबी, सिम एक्टीवेशन और केवाईसी ठप

लखनऊ, टी एन मिश्र
चार दिन से जारी तकनीकी खराबी ने बीएसएनएल के कामकाज को लगभग ठप कर दिया है। संचार सेवाओं से जुड़े सॉफ्टवेयर (संचार सॉफ्ट) में आई दिक्कत के कारण पूरे विभाग का (देश भर में)संचालन प्रभावित हो गया है। न तो नई सिम कार्ड एक्टिवेट हो पा रहे हैं और न ही पुराने सिम का पुनः सक्रियण हो रहा है। इसके चलते आम उपभोक्ताओं के साथ-साथ रिटेलर और फ्रेंचाइजी को भी गंभीर समस्याओं का सामना कर रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, बीएसएनएल का महत्वपूर्ण संचार सॉफ्ट पिछले चार दिनों से डाउन है। इस तकनीकी दिक्कत के कारण सिम एक्टीवेशन से लेकर केवाईसी अपडेट जैसी अनिवार्य सेवाएँ पूरी तरह बंद हैं। कई उपभोक्ता नई सिम लेने के लिए बीएसएनएल केंद्रों और रिटेल दुकानों पर पहुंच रहे हैं, लेकिन उन्हें निराश होकर लौटना पड़ रहा है। वहीं, जिन लोगों की सिम किसी कारणवश बंद हो गई है, वे भी उसे पुनः सक्रिय नहीं करा पा रहे हैं, जिससे मोबाइल बैंकिंग, ओटीपी आधारित सेवाएँ और महत्वपूर्ण कॉल्स पर बड़ा असर पड़ रहा है।

राजधानी लखनऊ के फ्रेंचाइजी आशापूर्णा के डायरेक्टर शैलेन्द्र सिंह चौहान का कहना है कि हर दिन बड़ी संख्या में ग्राहक सेवा केंद्र पहुंचते हैं, लेकिन तकनीकी दिक्कत आने के कारण कोई भी प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाती। इससे न सिर्फ ग्राहकों में असंतोष है बल्कि बीएसएनएल को भी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है।

सूत्रों के अनुसार, तकनीकी टीम खराबी को ठीक करने में लगी हुई है, लेकिन अभी तक कोई आधिकारिक समयसीमा नहीं बताई गई है कि सेवाएँ कब सामान्य होंगी। उपभोक्ताओं का कहना है कि बीएसएनएल जैसी सरकारी दूरसंचार कंपनी में चार दिन तक कामकाज बंद रहना चिंताजनक है और यह डिजिटल सेवाओं की विश्वसनीयता पर सवाल खड़ा करता है।

लोग उम्मीद कर रहे हैं कि बीएसएनएल जल्द से जल्द अपने संचार सिस्टम को बहाल करे, ताकि सिम एक्टिवेटसन और केवाईसी जैसी आवश्यक सेवाएँ फिर से शुरू हो सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button