उत्तर प्रदेशदेश-विदेश
भारतीय रेलवे के ऑपरेटिंग मैनुअल में संशोधन पर लखनऊ में उच्च स्तरीय बैठक
विशेषज्ञों ने सुरक्षा, दक्षता और आधुनिकीकरण पर प्रस्तावित बदलावों पर की गहन समीक्षा

लखनऊ, 05 दिसंबर
भारतीय रेल परिवहन प्रबंधन संस्थान, लखनऊ में इंडियन रेलवे के ऑपरेटिंग मैनुअल में प्रस्तावित संशोधन पर आज एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। इस सत्र की अध्यक्षता रेलवे बोर्ड के एडिशनल मेंबर (ट्रैफिक) देवेंद्र कुमार ने की, जिसमें भारतीय रेल के वरिष्ठ अधिकारीगण और विषय विशेषज्ञ शामिल हुए। विशेषज्ञों ने सुरक्षा, दक्षता और आधुनिकीकरण को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित बदलावों पर गहन समीक्षा की।
बैठक में इंडियन रेलवे के सभी ज़ोनल ट्रेनिंग सेंटर/इंस्टीट्यूट (ZRTI) के प्रिंसिपल्स और IRITM के अनुभवी फैकल्टी मेंबर्स भी शामिल हुए। उनकी सामूहिक राय ऑपरेटिंग मैनुअल के मुख्य प्रावधानों की समीक्षा एवं उभरती टेक्नोलॉजी, ऑपरेशनल चुनौतियों तथा भविष्य की ट्रैफिक आवश्यकताओं के अनुरूप सुधार सुझाने में सहायक रही।


भारतीय रेल की ऑपरेशनल क्षमता और अधिक मजबूत होकर उभरेगी-ADG
कार्यक्रम की शुरुआत संस्थान के अपर महानिदेशक (ADG) संजय त्रिपाठी के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने दुनिया के चौथे सबसे बड़े रेल नेटवर्क के लिए सुरक्षा, दक्षता और आधुनिकीकरण सुनिश्चित करने में निरंतर ऑपरेशनल सुधार की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। अपर महानिदेशक संजय त्रिपाठी ने कहा कि सुरक्षा, दक्षता और आधुनिकीकरण सुनिश्चित करने के लिए ऑपरेटिंग प्रक्रियाओं में समय-समय पर सुधार आवश्यक है। ADG ने कहा कि यह बैठक हमें उभरती तकनीकों और भविष्य की ट्रैफिक आवश्यकताओं के अनुरूप मैनुअल को और बेहतर बनाने का अवसर देती है। उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि सामूहिक विचार-विमर्श से भारतीय रेल की ऑपरेशनल क्षमता और अधिक मजबूत होकर उभरेगी।


प्रक्रियाओं में तालमेल, सुरक्षा उन्मुख प्रथाओं को मजबूत करने पर बल-देवेंद्र कुमार
चर्चा के दौरान रेलवे बोर्ड के एडिशनल मेंबर (ट्रैफिक) देवेंद्र कुमार ने प्रक्रियाओं में तालमेल, सुरक्षा उन्मुख प्रथाओं को मजबूत करने और सभी ज़ोन में कार्यप्रणाली की एकरूपता सुनिश्चित करने पर बल दिया। उन्होंने ट्रेनिंग संस्थानों से अधिकारियों और सुपरवाइज़रों के बीच अपडेटेड निर्देशों के प्रचार-प्रसार तथा क्षमता निर्माण की जिम्मेदारी निभाने का आग्रह भी किया।


बैठक में मैनुअल के सभी अध्यायों की गई विस्तृत समीक्षा
निदेशक प्रशासन कृष्णा तिवारी ने बताया कि बैठक में मैनुअल के सभी अध्यायों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा ट्रेन संचालन को सुव्यवस्थित करने, नियमों में स्पष्टता लाने और सर्वोत्तम प्रथाओं को एकीकृत करने हेतु संशोधनों का प्रस्ताव दिया गया। सहयोगपूर्ण माहौल ने निरंतर सुधार और ज्ञान-साझा करने के प्रति भारतीय रेलवे की प्रतिबद्धता को दर्शाया। उन्होंने बताया कि बैठक का समापन प्रस्तावित संशोधनों को अंतिम रूप देने, ZRTI से प्राप्त फीडबैक शामिल करने तथा सक्षम अधिकारियों की मंजूरी के बाद अपडेटेड दिशानिर्देश जारी करने के अगले चरणों पर सहमति के साथ हुआ।



