आईआरसीटीसी ने मनाई अपनी 26वीं वर्षगांठ, यात्रियों के अनुभवों से गूंजा समारोह
ईआरसीटीसी के साथ ट्रिप पर हम सिर्फ पर्यटक नहीं, बल्कि बन जाते हैं एक परिवार

टी एन मिश्र, लखनऊ
भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (IRCTC) ने बुधवार को लखनऊ में अपनी 26वीं वर्षगांठ धूमधाम से मनाई। इस मौके पर संस्था के रीजनल चीफ मैनेजर अजीत कुमार सिन्हा ने कहा कि आईआरसीटीसी जल्द ही यात्रियों के लिए नए और रोमांचक टूर पैकेज लेकर आ रहा है। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में इरिटेएम के सीनियर प्रोफेसर स्वदेश कुमार सिंह मौजूद रहे। समारोह में देश-विदेश की यात्रा कर चुके पर्यटकों ने अपने अनुभव साझा किए और रंगारंग कार्यक्रमों का आनंद उठाया।

26वें स्थापना दिवस पर यात्रियों संग सीधे संवाद
आईआरसीटीसी के 26वें स्थापना दिवस का आयोजन लखनऊ में उत्साहपूर्वक किया गया। रीजनल चीफ मैनेजर अजीत कुमार सिन्हा ने कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए कहा कि आईआरसीटीसी का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, भरोसेमंद और आनंददायक यात्रा अनुभव प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए जल्द ही नए पर्यटन स्थलों के लिए पैकेज टूर शुरू किए जाएंगे। सिन्हा ने कहा, “हमारे पर्यटन विशेषज्ञ ऐसे गंतव्यों की तलाश कर रहे हैं, जहां यात्रियों को कुछ नया अनुभव हो और यात्रा पूरी तरह सुरक्षित रहे।”

‘नए टूर पैकेज, नए अनुभव’ — अजीत कुमार सिन्हा
अजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि आईआरसीटीसी आने वाले महीनों में ऐसे टूर पैकेज लाने जा रहा है जो पर्यटकों को पहले से अलग और यादगार अनुभव देंगे। उन्होंने कहा कि संस्था का ध्यान न केवल लोकप्रिय स्थलों पर बल्कि उन जगहों पर भी है जहां प्रकृति, संस्कृति और परंपरा का अनोखा संगम है।
उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है और हर यात्रा के दौरान उनकी सुविधा के लिए प्रशिक्षित स्टाफ और विश्वसनीय प्रबंधन टीम तैनात रहती है।

पर्यटकों के अनुभवों से सजी महफिल
कार्यक्रम में उन यात्रियों ने भी हिस्सा लिया जिन्होंने आईआरसीटीसी के साथ देश और विदेश के टूर पैकेज में यात्रा की थी। उन्होंने मंच से अपने अनुभव साझा किए। नीरा दत्ता ने कहा, “आईआरसीटीसी के साथ ट्रिप पर हम सिर्फ पर्यटक नहीं, बल्कि एक परिवार बन जाते हैं। सुविधाएं इतनी सहज होती हैं कि हमें टूर पैकेज का एहसास ही नहीं होता।”
उन्होंने एक किस्सा साझा करते हुए बताया कि “मिलान में हमारी फ्लाइट मिस हो गई थी, लेकिन आईआरसीटीसी टीम ने तुरंत दूसरी फ्लाइट की व्यवस्था उसी टिकट पर करा दी।” यात्रा अनुभव साझा करते हुए श्याम कृष्ण श्रीवास्तव ने कहा कि विदेश यात्रा बेहद यादगार रही। उन्होंने सुझाव दिया कि ट्रिप का समय थोड़ा बढ़ाया जाए ताकि वरिष्ठ यात्रियों को भागदौड़ न करनी पड़े।

‘टीम वर्क और अनुशासन आईआरसीटीसी की पहचान’
पर्यटक अरुण कुमार सिंह ने यात्रा के दौरान आईआरसीटीसी टीम की समन्वय क्षमता की सराहना की। उन्होंने कहा कि पूरी टीम यात्रियों की सुविधा का ध्यान रखती है और किसी भी समस्या पर तुरंत मदद के लिए तैयार रहती है।
सुनील कुमार ने बताया कि उन्होंने आईआरसीटीसी के साथ सात यात्राएं की हैं और हर बार अनुभव बेहतर रहा। उन्होंने कहा कि आईआरसीटीसी के टूर मैनेजर न केवल मार्गदर्शन करते हैं, बल्कि यात्रियों को सुरक्षित और पारिवारिक माहौल भी प्रदान करते हैं।

भरोसेमंद यात्रा और ग्राहक संतुष्टि लक्ष्य — आईआरसीटीसी
समारोह में मुख्य अतिथि स्वदेश कुमार सिंह ने कहा कि आईआरसीटीसी यात्रियों को एक “विश्वसनीय यात्रा साथी” के रूप में अपनी पहचान बना चुका है। उन्होंने कहा कि “टिकटिंग से लेकर टूर प्रबंधन तक आईआरसीटीसी यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और आनंददायक यात्रा प्रदान करता है।” रीजनल चीफ मैनेजर अजीत कुमार सिन्हा ने समापन भाषण में कहा कि यात्रियों की संतुष्टि ही आईआरसीटीसी की असली सफलता है। उन्होंने पर्यटकों से कहा कि उनका सुझाव संस्था के विकास की दिशा तय करता है।




