गोमतीनगर में सजी रंगारंग “डांडिया नाइट”, महिला शक्ति ने थिरकते कदमों से रचा उत्सव का संगम

लखनऊ, 13 अक्टूबर
राजधानी में सांस्कृतिक उत्साह के बीच विपुल खंड विमेन्स ग्रुप, गोमतीनगर की महिला समिति ने डांडिया नृत्य नाइट का भव्य आयोजन किया।डांडिया नृत्य नाइट से आईएमआरटी मैनेजमेंट कॉलेज रंग-बिरंगी पोशाकों, गरबे की धुन और उल्लास से सराबोर हो उठा।
नवरात्रि के बाद विपुल खंड विमेन्स ग्रुप, गोमतीनगर की महिला समिति ने 12 अक्टूबर 2025 को आईएमआरटी मैनेजमेंट कॉलेज में डांडिया नृत्य नाइट एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया। इस अवसर पर समिति की संयोजक पूनम गुप्ता, निहारिका श्रीवास्तव, साधना कोहली, अर्चना सिंह, एकता, अनु, ममता, सुमन, रीतु, वंदना और इंदु सहित अनेक महिलाओं ने कार्यक्रम का संचालन किया।

पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने दी डांडिया और गरबा की मनमोहक प्रस्तुति
सांस्कृतिक संध्या में पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने डांडिया और गरबा की मनमोहक प्रस्तुतियों से माहौल को जीवंत बना दिया। संगीत की लय पर थिरकते कदमों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में बच्चों और युवाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया, वहीं मंच पर नवरात्रि थीम पर आधारित समूह नृत्य और सोलो परफॉर्मेंस ने खूब तालियां बटोरीं।

विजेताओं को पुरस्कार देकर बढ़ाया उत्साह
अंत में विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए गए और सभी प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में नारी सशक्तिकरण, पारंपरिक संस्कृति के संरक्षण और सामुदायिक एकता के संदेश को प्रसारित करना रहा। विमेन्स ग्रुप की महिला समिति की यह पहल न केवल उत्सव का प्रतीक बनी, बल्कि महिला शक्ति के सामूहिक उत्साह और संगठन क्षमता का जीवंत उदाहरण भी साबित हुई।



