दीपावली पर बिजली कर्मियों को मिले बोनस — विद्युत मजदूर संगठन ने चेयरमैन को भेजा पत्र
“कर्मचारी 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति में देते हैं योगदान, फिर भी बोनस भुगतान लंबित”

लखनऊ, 13 अक्टूबर
दीपावली के पर्व पर बोनस भुगतान की मांग को लेकर विद्युत मजदूर संगठन उत्तर प्रदेश ने को चेयरमैन, उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड को पत्र प्रेषित किया है। संगठन ने मांग की है कि वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं पूर्व के बकाया बोनस का भुगतान दीपावली से पूर्व कराया जाए, ताकि बिजली कर्मचारियों में उत्साह और संतोष का माहौल बन सके।
संगठन के अध्यक्ष विमल चंद्र पांडेय और मुख्य महामंत्री श्रीचन्द्र ने संयुक्त बयान में कहा कि दीपावली का पर्व पूरे देश में हर्षोल्लास से मनाया जाता है, और इस दौरान विद्युत कर्मचारी चौबीसों घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करते हैं। इसके बावजूद बोनस का भुगतान कई वर्षों से लंबित है। उन्होंने कहा कि समय से बोनस न मिलने से कर्मचारियों में निराशा का माहौल है। संगठन ने चेयरमैन शक्ति भवन, लखनऊ से अनुरोध किया है कि दीपावली, जो इस वर्ष 20 अक्टूबर को मनाई जाएगी, से पहले सभी कर्मचारियों को बोनस का भुगतान सुनिश्चित किया जाए। विद्युत मजदूर संगठन ने स्पष्ट किया है कि समय से बोनस मिलने पर कर्मचारी अधिक समर्पण और उत्साह के साथ उपभोक्ताओं को बेहतर सेवा दे सकेंगे।



