आईआईएलएम लखनऊ में “कॉन्सिलियम एक्स आईआईएलएम मॉडल संयुक्त राष्ट्र 2025” का भव्य शुभारंभ

लखनऊ, 12 अक्टूबर
लखनऊ के आईआईएलएम अकादमी ऑफ हायर लर्निंग में आज “कॉन्सिलियम एक्स आईआईएलएम मॉडल संयुक्त राष्ट्र 2025” का भव्य उद्घाटन समारोह हुआ।जहां युवाओं को अंतरराष्ट्रीय कूटनीति, नीति-निर्माण और वैश्विक नेतृत्व के अनुभव से जोड़ने का संकल्प दोहराया गया। कार्यक्रम में देश के प्रतिष्ठित विशेषज्ञों की मौजूदगी रही और छात्रों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
उत्साह और गरिमा के साथ हुआ उद्घाटन समारोह
आईआईएलएम अकादमी ऑफ हायर लर्निंग, लखनऊ में “कॉन्सिलियम एक्स आईआईएलएम मॉडल संयुक्त राष्ट्र 2025” का उद्घाटन समारोह 12 अक्तूबर 2025 को बड़े उत्साह और गरिमा के साथ आयोजित किया गया।
यह सम्मेलन ‘कॉन्सिलियम’ के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य युवाओं को अंतरराष्ट्रीय कूटनीति, नीति निर्माण और वैश्विक नेतृत्व के व्यावहारिक अनुभव से जोड़ना है। आईआईएलएम अकादमी ऑफ हायर लर्निंग प्रबंधन और वाणिज्य के क्षेत्र में एक अग्रणी संस्थान है, जबकि ‘कॉन्सिलियम’ युवाओं को संवाद, नीति-विचार और वैश्विक सहयोग की भावना से जोड़ने वाला मंच है।


मुख्य अतिथियों की प्रेरणादायक उपस्थिति
उद्घाटन समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में भारतीय रेलवे यातायात सेवा (आईआरटीएस) के अधिकारी, लेखक एवं समाजसेवी अमिताभ कुमार तथा मुख्य अतिथि के रूप में मीडिया योजना और क्रियान्वयन के क्षेत्र में दो दशकों से अधिक अनुभव रखने वाले वरिष्ठ विशेषज्ञ प्रशांत कुमार त्रिवेदी उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों का स्वागत सम्मेलन के निदेशक जनरल एवं आईआईएलएम के छात्र हितेश त्रिवेदी द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संचालन कुमारी मान्या श्रीवास्तव ने किया। समारोह की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन से हुई, जिसके बाद दोनों अतिथियों ने अपने प्रेरणादायक विचार छात्रों से साझा किए।


दो दिवसीय सम्मेलन की प्रेरणादायक शुरुआत
उद्घाटन के बाद समितियों की परिचयात्मक प्रस्तुति, कार्यकारी निदेशकों का परिचय और निदेशक जनरल का औपचारिक संबोधन हुआ। यह दो दिवसीय सम्मेलन 13 अक्तूबर 2025 तक चलेगा, जिसमें प्रतिभागियों को श्रेष्ठ प्रतिनिधि, विशेष उल्लेख और सम्माननीय उल्लेख जैसे पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के उद्घाटन के साथ ही अंतरराष्ट्रीय विचार-विमर्श और युवाओं की नेतृत्व क्षमता को प्रोत्साहित करने वाले इस सम्मेलन की प्रेरणादायक शुरुआत हुई।



