मंडल रेल प्रबंधक ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशनों का किया निरीक्षण
“अमृत संवाद” के माध्यम से यात्रियों का लिया फीडबैक

लखनऊ, 4 अक्टूबर 2025
उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा ने आज अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत लखनऊ-उन्नाव-रायबरेली खंड के विभिन्न स्टेशनों का निरीक्षण किया। निरीक्षण की शुरुआत मानकनगर स्टेशन से हुई, जहाँ नए निर्माणाधीन स्टेशन भवन और निकटस्थ लेवल क्रॉसिंग का जायजा लिया गया। इसके बाद अमौसी स्टेशन पर नयी रेल लाइन की स्थिति देखी गई।
मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा ने सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी और सीनियर डीओएम रजनीश श्रीवास्तव सहित कई अफसरों के साथ उन्नाव स्टेशन पर प्रवेश और निकास द्वार, स्टेशन भवन तथा यात्री सुविधाओं की गुणवत्ता की समीक्षा की। इसके बाद कानपुर लेफ्ट बैंक ब्रिज स्टेशन और तकिया स्टेशन का निरीक्षण हुआ। लालगंज स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक ने पार्किंग क्षेत्र और शौचालयों का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से “अमृत संवाद” के माध्यम से यात्रियों का फीडबैक लिया।

समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएँ विकास कार्य
मंडल रेल प्रबंधक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएँ ताकि यात्रियों को आधुनिक, स्वच्छ और आरामदायक सुविधाएँ मिलें। निरीक्षण के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत कर उत्तर रेलवे द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी साझा की।



