चारबाग स्टेशन परिसर में शुरू होगा 35वां गांधी पुस्तक मेला, साहित्य और संस्कृति का संगम
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और डीआरएम सुनील कुमार वर्मा करेंगे उद्घाटन

लखनऊ, 01 अक्टूबर 2025
विगत 1999 से लगातार आयोजित होने वाला गांधी पुस्तक मेला इस वर्ष भी अपने 35वें संस्करण के साथ चारबाग स्टेशन परिसर, लखनऊ में शुरू होने जा रहा है। सर्वोदय साहित्य और अखिल भारतीय सर्वोदय प्रचार प्रसार ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह मेला पाठकों, शोधकर्ताओं और साहित्य प्रेमियों के लिए ज्ञान और संस्कृति का अनूठा संगम होगा।
इस मेले में गांधीजी के जीवन, दर्शन और विचारों पर आधारित पुस्तकों के अलावा स्वामी विवेकानंद, विनोबा भावे, जयप्रकाश नारायण और भगत सिंह जैसे महान विभूतियों का साहित्य, श्रेष्ठ हिंदी साहित्य, बच्चों की पुस्तकें, धार्मिक-आध्यात्मिक ग्रंथ और समकालीन विषयों पर आधारित पुस्तकें उपलब्ध रहेंगी।
मेले का उद्घाटन 2 अक्टूबर को प्रातः 10:30 बजे उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और डीआरएम सुनील कुमार वर्मा द्वारा किया जाएगा। यह पुस्तक मेला 15 अक्टूबर तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक आम जनता के लिए खुला रहेगा।
स्थान: चारबाग स्टेशन परिसर, लखनऊ
आयोजक: नीरज अरोड़ा
सम्पर्क: 8318363261



