उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने “राजनाथ सिंह आधुनिक भारत के लौह पुरुष” का किया विमोचन
IRTS अधिकारी एवं लेखक अमिताभ कुमार की पुस्तक काफी चर्चा में

टी एन मिश्र, लखनऊ
लखनऊ विश्वविद्यालय में चल रहे गोमती पुस्तक महोत्सव के दौरान उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने शनिवार को IRTS अधिकारी एवं लेखक अमिताभ कुमार की पुस्तक “राजनाथ सिंह: आधुनिक भारत के लौह पुरुष” का विमोचन किया। 20 से 28 सितंबर 2025 तक लखनऊ विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित “गोमती पुस्तक महोत्सव” के अंतर्गत एक विशेष विमोचन समारोह का आयोजन हुआ। लेखक अमिताभ कुमार ने बताया कि यह पुस्तक राजनाथ सिंह के राजनीतिक जीवन, सिद्धांतों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान का विस्तृत चित्र प्रस्तुत करती है। अमिताभ कुमार ने कहा कि इस पुस्तक से जो भी रायल्टी मिलेगी वह एहसास संस्था को दी जाएगी। डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने एहसास संस्था की शची सिंह को इस आशय का मंच पर ही पत्र सौंपा। श्रीमती सिंह ने इसके लिए अमिताभ कुमार का आभार व्यक्त किया।

इस मौके पर उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि “आज गोमती पुस्तक महोत्सव में ‘राजनाथ सिंह: आधुनिक भारत के लौह पुरुष’ पुस्तक का विमोचन करना मेरे लिए गर्व का क्षण है। राजनाथ सिंह जी का जीवन समर्पण, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा का अद्भुत उदाहरण है। छात्र जीवन से ही वे सिद्धांतों पर अडिग रहे और राजनीति को सेवा का माध्यम बनाया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहते हुए और अब देश के रक्षा मंत्री के रूप में उन्होंने विकास, सुरक्षा और आत्मनिर्भर भारत के लिए ऐतिहासिक कार्य किए हैं। यह पुस्तक आने वाली पीढ़ियों को बताएगी कि आदर्श, साहस और निष्ठा से कैसे राष्ट्र निर्माण किया जाता है। मैं लेखक अमिताभ कुमार को इस उत्कृष्ट कृति के लिए बधाई देता हूं।”

समारोह के दौरान वक्ताओं ने पुस्तक को नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्रोत बताते हुए राजनाथ सिंह के संघर्ष, दूरदर्शिता और विकास के प्रति समर्पण को सराहा। पूरे आयोजन के दौरान विश्वविद्यालय परिसर साहित्यप्रेमियों और विद्यार्थियों से गुलजार रहा। कार्यक्रम में लखनऊ विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. मनका खन्ना, पूर्वोत्तर रेलवे के डीआरएम गौरव अग्रवाल, एआईआरएफ के महामंत्री शिव गोपाल मिश्रा, पद्मश्री डॉ. विद्याबिंदु सिंह, दैनिक जागरण के राज्य संपादक आशुतोष शुक्ल, पूर्व रेलवे अधिकारी जितेंद्र सिंह, संदीप बंसल, आर.के. पांडेय और दिव्यांश पब्लिकेशन के प्रबंध निदेशक श्री नीरज अरोड़ा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



