उत्तर प्रदेशदेश-विदेश

सीएम योगी से मिले BSNL के वरिष्ठ अधिकारी, यूपी में 4जी स्वदेशी नेटवर्क पर हुई अहम चर्चा 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दी ब्रॉडबैंड और मोबाइल नेटवर्क की गुणवत्ता बढ़ाने की सलाह

लखनऊ, 23 सितंबर
राजधानी में मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बीएसएनएल के उच्चाधिकारियों के बीच राज्य में दूरसंचार सेवाओं को लेकर महत्वपूर्ण बातचीत हुई। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को उत्तर प्रदेश में 4जी स्वदेशी नेटवर्क की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी।
बीएसएनएल के सीजीएम ए.के. गर्ग, पीजीएम राजेश कुमार, पीजीएम नीतीश सिन्हा, डीजीएम रंजन कुमार और गिरीश सहाय मुख्यमंत्री योगी से मुलाकात के लिए उनके सरकारी आवास 5 कालिदास मार्ग पहुंचे। टीम ने उन्हें बताया कि यूपी में 4जी सेवाओं के लिए स्वदेशी तकनीक पर आधारित नेटवर्क लगभग तैयार है और जल्द ही पूरे प्रदेश में इसका लाभ उपभोक्ताओं को मिलेगा। सीजीएम गर्ग ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उत्तर प्रदेश से ही इस 4जी स्वदेशी नेटवर्क का समानांतर उद्घाटन किया जाए, ताकि देशभर में यूपी की भूमिका प्रमुख रूप से सामने आए।
राज्य में ब्रॉडबैंड और मोबाइल नेटवर्क सेवाओं की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की सलाह
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस पहल की सराहना करते हुए अधिकारियों को राज्य में ब्रॉडबैंड और मोबाइल नेटवर्क सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाकों तक तेज़ और भरोसेमंद इंटरनेट पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि आने वाले महीनों में बीएसएनएल न केवल शहरी क्षेत्रों बल्कि दूरस्थ गांवों तक भी बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करेगा, जिससे डिजिटल इंडिया अभियान को नई मजबूती मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button