मालगाड़ियों की बढ़ी स्पीड और NMG वैगन में सुधार से माल और ऑटोमोबाइल उद्योग ने पकड़ी तेजी
पहले से लगभग 60% कम समय में लखनऊ पहुंच रहे एनएमजी रैक

टी एन मिश्र, लखनऊ
राजधानी लखनऊ ही नहीं बल्कि जम्मू से लेकर वाराणसी तक के बड़े शहरों के लोगों और ऑटोमोबाइल बाजार के लिए बड़ी राहत की खबर है। उत्तररेलवे द्वारा ट्रांसपोर्ट नगर फ्रेट टर्मिनल पर आधुनिक हैंडलिंग सिस्टम और NMG वैगन्स की क्वालिटी में सुधार से कारों का परिवहन खर्च घटा है। साथ ही सरकार की जीएसटी दरों में कटौती ने कार खरीदारी को और सस्ता बना दिया है। अब नई कारें पहले से लगभग 60% कम समय में लखनऊ पहुंच रही हैं, जिससे डीलरों की लागत और ग्राहकों की जेब दोनों को सीधा लाभ हो रहा है।
तेज़ माल प्रबंधन व्यवस्था में उल्लेखनीय वृद्धि
उत्तर रेलवे के जीएम अशोक कुमार वर्मा ने लखनऊ के ट्रांसपोर्ट नगर के साथ ही जोन के कई फ्रेट टर्मिनल्स को हाल ही में आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है। यहां तेज़ माल प्रबंधन व्यवस्था और अत्याधुनिक हैंडलिंग सिस्टम लागू होने से मालगाड़ियों की रफ्तार में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। पहले जहां एनएमजी (नॉन पार्सल मैकेनाइज्ड गुड्स) वैगन से आने वाले ऑटोमोबाइल रैक को पहुँचने और उतारने में लंबा समय लगता था, वहीं अब यह प्रक्रिया लगभग 40 से 60 प्रतिशत कम समय में पूरी हो रही है।

NMG वैगन्स को कम से कम समय में गंतव्य तक पहुंचने की मॉनिटरिंग
उत्तर रेलवे की प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक डॉ. मोनिका अग्निहोत्री NMG वैगन्स को कम से कम समय में गंतव्य तक पहुंचने की मॉनिटरिंग कर रही हैं। वहीं पीसीसीएम नरसिंह दास भी गुडस ट्रैफिक को समय से पहुंचाने और गुड्स टर्मिनल्स की स्थिति को बेहतर करने के हर संभव कोशिश कर रहे हैं। लखनऊ में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट) गौरव दीक्षित और वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक रजनीश श्रीवास्तव की टीम NMG वैगन्स से आने वाली कारों की अनलोडिंग कराकर वैगन्स को वापस भेजने पर लगातार नजर रख रही है।

रेल मार्ग से एनएमजी रैक द्वारा कारें मंगाना सस्ता
इस बदलाव का सीधा असर कार डीलरों की लागत पर पड़ा है। सड़क मार्ग से कारें मंगाने की तुलना में अब रेल मार्ग से एनएमजी रैक द्वारा कारें मंगाना कहीं सस्ता और तेज़ साबित हो रहा है। इससे न केवल ट्रांसपोर्टेशन चार्ज कम हुआ है, बल्कि कार कैरियर रैक का टर्नअराउंड समय भी घटा है। डीलरों को अब स्टॉक समय पर मिलने से ग्राहकों को भी अपनी पसंद की गाड़ी जल्दी उपलब्ध हो रही है।

स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति,ऑटोमोबाइल उद्योग को दीर्घकालिक लाभ
सरकार की ओर से हाल ही में लागू नई जीएसटी दरों में कटौती इस पूरे परिदृश्य को और आकर्षक बना रही है। जीएसटी में राहत और परिवहन खर्च में कमी, दोनों मिलकर नई कारों की कीमत पर सकारात्मक असर डाल रहे हैं। ऑटोमोबाइल सेक्टर से जुड़े व्यापारी मानते हैं कि इन सुधारों से उत्तर भारत का वितरण नेटवर्क और मज़बूत होगा। व्यापारिक विशेषज्ञों का अनुमान है कि तेज़ डिलीवरी और कम लागत के कारण लखनऊ आने वाले महीनों में उत्तर भारत का एक प्रमुख वाहन परिवहन हब के रूप में उभरेगा। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी और ऑटोमोबाइल उद्योग को दीर्घकालिक लाभ होगा।



