उत्तर प्रदेश

 “रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति” की हुई बैठक, यात्रियों की सुविधाओं को लेकर उठे कई महत्वपूर्ण सुझाव

चारबाग पर एम्बुलेंस, स्टेशनों पर दिव्यांगों के लिए रैंप-एस्केलेटर, शौचालय, साइन बोर्ड और ट्रेनों के ठहराव से जुड़े सुझावों पर हुआ विचार

लखनऊ, 30 जुलाई 2025।
लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय स्थित सभागार में आज “मंडल रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति” (डी.आर.यू.सी.सी) की महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा ने की। इस अवसर पर समिति के सभी सदस्य, अपर मंडल रेल प्रबंधक नीलिमा सिंह और उत्तर रेलवे के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष मौजूद रहे।

बैठक में डीआरएम सुनील कुमार वर्मा ने मंडल की प्रमुख उपलब्धियों व चल रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने यात्रियों की सुविधाओं से जुड़ी कमियों को दूर करने के सुझावों का स्वागत करते हुए, सभी बिंदुओं पर संज्ञान लेने और आवश्यकतानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।

बैठक में चारबाग स्टेशन पर एम्बुलेंस व्यवस्था, स्टेशनों पर दिव्यांग यात्रियों के लिए रैंप व एस्केलेटर, अमेठी में शौचालय की स्थिति, आलमनगर व मानकनगर में ट्रेनों के ठहराव, प्लेटफार्मों पर बैगेज स्कैनर, साइन बोर्ड, ट्रेन स्टेटस से संबंधित SMS सेवा, इंटरसिटी एक्सप्रेस और वंदे भारत के ठहराव जैसे मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।

समिति के सदस्यों ने रेलवे द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए भविष्य में भी सहयोग देने का आश्वासन दिया। अंत में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कुलदीप तिवारी ने सभी उपस्थित सदस्यों का आभार जताया।

जाने किस डी.आर.यू.सी.सी सदस्य ने क्या किया दिया सुझाव………

डी.आर.यू.सी.सी सदस्य प्रभु जालान ने लखनऊ रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 9 तथा सेकंड एंट्री को ओर एंट्री पॉइंट पर बैगेज स्कैनर की व्यवस्था सुनिश्चित करने का सुझाव दिया।

डी.आर.यू.सी.सी सदस्य सुधीर मिश्र द्वारा चारबाग रेलवे स्टेशन पर एम्बुलेंस की समुचित व्यवस्था किए जाने का अनुरोध किया गया।
• श्री राजेंद्र प्रसाद सबिता ने मण्डल रेल प्रबन्धक कार्यालय, लखनऊ में कर्मचारियों हेतु कैन्टीन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने की मांग की।
डी.आर.यू.सी.सी सदस्य अनुपम पांडे द्वारा अमेठी रेलवे स्टेशन पर शौचालय की व्यवस्था को और बेहतर बनाए जाने का सुझाव दिया गया।
डी.आर.यू.सी.सी सदस्य संदीप अग्रवाल ने मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर दिव्यांग यात्रियों हेतु पर्याप्त संख्या में रैंप व एस्केलेटर की व्यवस्था किए जाने की मांग की ।
डी.आर.यू.सी.सी सदस्य राजेश सिंह द्वारा महाराजा बिजली पासी रेलवे स्टेशन (निहालगढ़) पर दिव्यांग यात्रियों के लिए एस्केलेटर एवं कोच डिस्प्ले सिस्टम की सुविधा उपलब्ध कराए जाने की मांग की गई।
डी.आर.यू.सी.सी सदस्य के.पी. सिंह ने यात्रियों की सुविधा हेतु रेल द्वारा भेजे जाने वाले सूचनात्मक मैसेज (ट्रेन की स्थिति एवं गंतव्य स्टेशन पर पहुँचने से पूर्व सूचना) सुनिश्चित किए जाने का अनुरोध किया।
डी.आर.यू.सी.सी सदस्य हरिबंश मिश्रा ने लखनऊ रेलवे स्टेशन पर उत्तर रेलवे एवं पूर्वोत्तर रेलवे के लिए पृथक दिशा सूचक बोर्ड (signage) की व्यवस्था किए जाने की आवश्यकता जताई।
डी.आर.यू.सी.सी सदस्य शिवानंद मौर्य द्वारा रायबरेली-ऊंचाहार रेल खण्ड पर स्थित लक्ष्मणपुर स्टेशन पर इंटरसिटी एक्सप्रेस का ठहराव किए जाने की मांग की गई।
डी.आर.यू.सी.सी सदस्य देवेंद्र शुक्ल ने आलमनगर एवं मानकनगर रेलवे स्टेशनों पर और अधिक ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित करने की मांग रखी।
डी.आर.यू.सी.सी सदस्य श्याम बहादुर ने जौनपुर में वंदे भारत एक्सप्रेस के ठहराव की आवश्यकता जताई।
डी.आर.यू.सी.सी सदस्य अनुज कुमार मिश्रा द्वारा आलमनगर रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले अप्रोचिंग रोड को व्यवस्थित करने एवं सफाई व्यवस्था को दुरुस्त किए जाने का सुझाव दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button