महोबा में मोबाइल वैन के माध्यम से तीन दिन मिलेंगी पासपोर्ट सेवाएं
14, 15 और 16 जुलाई को आयोजित होगा मोबाइल शिविर

लखनऊ, 8 जुलाई 2025
महोबा जिले के पासपोर्ट आवेदकों की सुविधा के लिए क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, लखनऊ द्वारा मुख्य डाकघर, महोबा (ऊदल चौक के पास, महोबा) में मोबाइल वैन सुविधा के माध्यम से पासपोर्ट शिविर का आयोजन किया जायेगा। यह शिविर 14, 15 और 16 जुलाई को आयोजित होगा। जिसमें प्रत्येक दिन 40 सामान्य अपॉइंटमेंट उपलब्ध होंगे।

मोबाइल पासपोर्ट सेवा केंद्र है पासपोर्ट वैन
क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी शुभम सिंह ने बताया कि पासपोर्ट वैन एक मोबाइल पासपोर्ट सेवा केंद्र है। जो आवेदकों को उनके नजदीकी स्थान पर पासपोर्ट सेवाएं प्रदान करता है। इसका मुख्य उद्देश्य उन क्षेत्रों में पासपोर्ट सेवाओं की पहुंच आसान बनाना है, जहां पासपोर्ट सेवा केंद्र उपलब्ध नहीं हैं।

क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, लखनऊ ने शुरू की है यह पहल
आरपीओ शुभम सिंह ने बताया कि महोबा में पासपोर्ट सेवा केंद्र की अनुपस्थिति के कारण आवेदकों को दूरस्थ केंद्रों पर अपॉइंटमेंट लेने में कठिनाई होती है। इस समस्या के समाधान के लिए क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, लखनऊ ने यह पहल शुरू की है।
यदि यह शिविर सफल रहता है, तो भविष्य अन्य जिलों में भी आवश्यकतानुसार ऐसे मोबाइल वैन शिविर आयोजित करने पर विचार किया जा सकता है। इससे स्थानीय निवासियों को पासपोर्ट सेवाएं प्राप्त करने में और अधिक सुविधा होगी।
महोबा के निवासी अपने अपॉइंटमेंट के लिए आधिकारिक वेबसाइट www.passportindia.gov.in पर आवेदन कर सकते हैं।



