महाकुंभ ड्यूटी पर तैनात 24 हजार से अधिक चालकों-परिचालकों को ₹10,000 बोनस
परिवहन मंत्री ने मुख्यमंत्री का जताया आभार, कहा—यह चालकों के लिए प्रेरणा बनेगा

लखनऊ, 08 जुलाई 2025
महाकुंभ-2025 में ड्यूटी करने वाले उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के 24,071 चालकों और परिचालकों को ₹10,000 बोनस की धनराशि उनके खातों में भेज दी गई है। प्रदेश सरकार द्वारा कुल ₹24.71 करोड़ की राशि वितरित की गई। इस बोनस में 11,786 चालक और 12,285 परिचालक शामिल हैं।
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताते हुए कहा कि यह निर्णय चालकों-परिचालकों के उत्साहवर्धन में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि यह बोनस एक प्रेरणा बनेगा, जिससे कर्मी भविष्य में और बेहतर सेवाएं देने के लिए प्रोत्साहित होंगे।
परिवहन मंत्री ने बताया कि महाकुंभ के दौरान परिवहन निगम के सभी 19 क्षेत्रों से चालकों और परिचालकों की ड्यूटी लगाई गई थी।दयाशंकर सिंह ने बताया कि सभी चालकों और परिचालकों ने पूरी निष्ठा, ईमानदारी और तत्परता से अपनी ड्यूटी निभाई और करोड़ों श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराया। उन्होंने कहा कि यह विशाल आयोजन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व, प्रबंधन और मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसमें लगभग 66 करोड़ श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई।
क्षेत्रवार ड्यूटी की संख्या
लखनऊ: 2162
हरदोई: 1803
गोरखपुर: 1424
कानपुर: 1387
आगरा: 1385
मेरठ: 1413
गाजियाबाद: 1469
प्रयागराज: 1522
मुरादाबाद: 1358
अलीगढ़: 1284
इटावा: 1235
आजमगढ़: 1163
वाराणसी: 1116
बरेली: 1149
सहारनपुर: 994
चित्रकूट: 927
देवीपाटन: 981
अयोध्या: 725
झांसी: 574



