उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के स्थापना दिवस पर 406 उत्कृष्ट कर्मचारियों को मिला सम्मान
परिवहन मंत्री ने उत्कृष्ट कर्मचारियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर किया गया सम्मानित

लखनऊ, 25 जून 2025
उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) का 53वां स्थापना दिवस समारोह बुधवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में मनाया गया। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने निगम के बेहतर संचालन में योगदान देने वाले कर्मचारियों को मेडल व प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया ।
परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) ने कहा कि निगम की स्थापना 15 मई 1947 को हुई थी और इसके बाद से ही यह प्रदेश के नागरिकों को सुरक्षित, सुलभ और सस्ती परिवहन सेवा उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने कहा कि 406 कर्मचारियों/अधिकारियों को उनकी सेवा उत्कृष्टता के लिए विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया है। परिवहन मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि 2025 तक यूपी परिवहन निगम को देश के सर्वश्रेष्ठ सार्वजनिक परिवहन संगठनों में शुमार किया जाए। इस दिशा में तकनीकी नवाचार, कर्मचारियों के प्रशिक्षण और यात्रियों की सुविधाओं में सुधार की दिशा में कार्य किया जा रहा है। समारोह के अंत में मंत्री ने कर्मचारियों और अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिस प्रतिबद्धता के साथ निगम के सभी कर्मचारी कार्य कर रहे हैं, वह प्रशंसनीय है और यही समर्पण इसे नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।


GM अजीत सिंह, RM आरके त्रिपाठी, GMअमरनाथ सहाय को भी किया सम्मानित
परिवहन राज्य मंत्री स्वतंत्र विभाग दयाशंकर सिंह ने जीएम अजीत सिंह को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड देकर सम्मानित किया। उन्होंने प्रधान प्रबंधक अजीत सिंह की उनके सेवाकाल में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए सराहना की। जबकि लखनऊ के क्षेत्रीय प्रबंधक आरके त्रिपाठी को प्रदेश में आय के मामले में पहला स्थान हासिल करने के लिए बधाई दी। परिवहन मंत्री ने परिवहन निगम के प्रधान प्रबंधक अंकुर विकास, प्रधान प्रबंधक प्राविधिक गौरव पांडेय, प्रधान प्रबंधक प्राविधिक एसएल शर्मा, प्रधान प्रबंधक प्राविधिक सत्यनारायण, प्रधान प्रबंधक यजुवेंद्र कुमार, प्रधान प्रबंधक व जन संपर्क अधिकारी अमरनाथ सहाय, प्रधान प्रबंधक अंबरीन अख्तर, क्षेत्रीय प्रबंधक लव कुमार, सेवा प्रबंधक अनुराग यादव, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक कपिल देव को भी सम्मानित किया।


बेहतर संचालन के लिए कर्मचारियों को कौशल उन्नयन का प्रशिक्षण-दयाशंकर सिंह
परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा है कि परिवहन व्यवस्था को अधिक सुदृढ़, पारदर्शी और तकनीक-संचालित बनाया जाए। उन्होंने कहा कि वर्तमान में निगम के पास 13000 से अधिक बसें हैं और लाखों यात्री प्रतिदिन इनका उपयोग करते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि बेहतर संचालन के लिए कर्मचारियों को कौशल उन्नयन का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।
500 नई बसें जल्द ही बेड़े में की जाएंगी शामिल
परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक मासूम अली सरवर के साथ अन्य अधिकारियों ने भी समारोह में भाग लिया और निगम की भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की। मंत्री ने कहा कि निगम की आय में लगातार वृद्धि हो रही है और जल्द ही 500 नई बसें बेड़े में शामिल की जाएंगी। उन्होंने यह भी कहा कि 25 डिपो को आधुनिक स्व रूप में विकसित किया जाएगा और यात्री सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अतिरिक्त, निगम की महिला बसों को बढ़ावा देने के लिए ‘पिंक बस सेवा’ के दायरे को भी और विस्तार दिया जाएगा।



