लखनऊ के बेटे की ऐतिहासिक अंतरिक्ष उड़ान पर गर्व, महापौर ने दी शुभकामनाएं
शुभांशु शुक्ला की सफलता पर शहर में उत्सव का माहौल

लखनऊ, 25 जून 2025
भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला की ऐतिहासिक अंतरिक्ष यात्रा पर लखनऊ में गर्व और उत्साह का माहौल है। Axion4 मिशन के तहत अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) के लिए उड़ान भरने वाले शुभांशु शुक्ला को बधाई देने बुधवार को उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक और महापौर सुषमा खर्कवाल उनके आवास पहुंचीं। उन्होंने परिजनों को शुभकामनाएं दीं और पूरे शहर की ओर से गर्व व्यक्त किया।
शुभांशु शुक्ला की यह उपलब्धि 41 वर्षों के अंतराल के बाद किसी भारतीय के अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष यात्रा में शामिल होने का गौरव लेकर आई है। यह लखनऊ ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का क्षण है। महापौर सुषमा खर्कवाल ने इस अवसर पर शुभांशु की माता आशा शुक्ला और पिता शंभु दयाल शुक्ला से भेंट की और इस ऐतिहासिक पल की बधाई दी।


महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा, “यह सफलता भारत की वैज्ञानिक क्षमता और सामरिक आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। शुभांशु जैसे युवा देश और शहर के लिए प्रेरणास्रोत हैं।” इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, पार्षद दल के उपनेता सुशील तिवारी ‘पम्मी’, कई पार्षदगण और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। सभी ने शुक्ला परिवार को बधाई देते हुए उनके बेटे की उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया।


Axion4 मिशन एक अंतरराष्ट्रीय अभियान है, जिसमें अंतरिक्ष अनुसंधान और तकनीकी परीक्षणों को अंजाम दिया जा रहा है। इसमें शुभांशु शुक्ला की भागीदारी भारतीय वायुसेना और अंतरिक्ष विज्ञान जगत के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। शहरवासियों में इस गौरवपूर्ण पल को लेकर उत्सव जैसा माहौल रहा। शुक्ला परिवार के पड़ोसियों और शुभचिंतकों ने भी इस पल को ऐतिहासिक बताया और अपनी खुशी जाहिर की। महापौर ने कहा कि लखनऊ के इस सपूत का नगर निगम की ओर से यथोचित सम्मान किया जाएगा, जिससे आने वाली पीढ़ियां भी ऐसे प्रेरक उदाहरणों से दिशा ले सकें।



