स्मार्ट सिटी कंट्रोल रूम का नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण, त्वरित शिकायत निस्तारण के दिए सख्त निर्देश
सीवर से संबंधित शिकायतों का तत्काल और गुणवत्तापूर्ण हो समाधान-गौरव कुमार

लखनऊ, 25 जून 2025:
नगर आयुक्त गौरव कुमार ने बुधवार को स्मार्ट सिटी कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण किया और वहां कार्यरत कर्मचारियों को जनता से प्राप्त शिकायतों के त्वरित और प्रभावी निस्तारण के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतें संबंधित विभागों तक तत्काल पहुंचाई जाएं और उनकी मॉनिटरिंग के साथ फीडबैक भी लिया जाए।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने कहा कि नागरिकों की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर देरी अस्वीकार्य होगी। उन्होंने अभियंत्रण विभाग, स्वास्थ्य विभाग सहित सभी संबद्ध विभागों को प्राथमिकता के आधार पर कार्य करने का निर्देश दिया।


प्रमुख निर्देश:
शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई: सभी अधिकारियों से शिकायत मिलते ही तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
गुणवत्ता और जवाबदेही: प्रत्येक कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने और जिम्मेदारी तय करने के निर्देश।
जलभराव की रोकथाम: बरसात के मौसम को देखते हुए मुख्य मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में जलभराव की समस्या को प्राथमिकता से हल करने को कहा गया।
311 एप की शिकायतें: नगर आयुक्त ने 311 एप पर आने वाली शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
सुएज इंडिया को विशेष निर्देश:
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने सुएज इंडिया को भी निर्देशित किया कि वे सीवर से संबंधित शिकायतों का तत्काल और गुणवत्तापूर्ण समाधान करें। उन्होंने कहा कि शिकायत प्राप्त होते ही मौके पर टीम भेजी जाए, ताकि नगरवासियों को असुविधा न हो और शहर की स्वच्छता व स्वास्थ्य मानक सुनिश्चित रह सकें। नगर आयुक्त गौरव कुमार ने दोहराया कि स्मार्ट सिटी के तहत तकनीक के माध्यम से जनता को शीघ्र और सटीक सेवाएं प्रदान करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। शिकायत निस्तारण की पारदर्शिता, समयबद्धता और प्रभावशीलता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा



