डीआरएम ने रनिंग रूम से स्टेशन भवन तक सुविधाओं और कार्यों का लिया जायज़ा
स्वच्छता, संरक्षा और निर्माण कार्यों की समीक्षा, समयबद्ध कार्यों पर विशेष जोर

लखनऊ, 18 जून 2025
उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) श्री सुनील कुमार वर्मा ने आज लखनऊ स्टेशन स्थित रनिंग रूम और द्वितीय प्रवेश द्वार के पास निर्माणाधीन स्टेशन भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लोको पायलट, गार्ड एवं टीटीई रनिंग रूम में विश्राम कक्ष, शौचालय, किचन, स्वच्छता, किचन वेस्ट और कूड़ा प्रबंधन की स्थिति का गहन परीक्षण किया।
उत्तर रेलवे के सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने रनिंग स्टाफ से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। द्वितीय प्रवेश द्वार पर चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति का भी जायज़ा लिया और अधिकारियों को इन्हें समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।


उत्तर रेलवे के सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी ने बताया कि प्लेटफार्म संख्या 4 और 5 पर चल रहे निर्माण व विकास कार्यों की समीक्षा के बाद श्री वर्मा ने गार्ड लॉबी का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने ट्रेन संचालन से संबंधित उपकरणों और रिकार्ड की जांच की। उन्होंने स्टाफ को परिचालन में पूरी सतर्कता बरतने और संरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने की हिदायत दी।


सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी ने बताया कि निरीक्षण के अंतिम चरण में डीआरएम ने पावर केबिन और पार्सल कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने रेल संचालन प्रणाली की जानकारी ली और कर्मचारियों को सर्वोच्च संरक्षा मानकों का पालन करने को कहा। पार्सल बुकिंग प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और यात्री हितैषी बनाने पर भी बल दिया गया।



