आरडीएसओ ने किया ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ के अंतर्गत ‘Sundays on Cycle’ कार्यक्रम का आयोजन
रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने लिया उत्साहपूर्वक हिस्सा

लखनऊ, 8 जून 2025
फिट इंडिया मूवमेंट को आगे बढ़ाते हुए अनुसंधान अभिकल्प एवं मानक संगठन (RDSO) के खेल संघ (RDSOSA) ने ‘Sundays on Cycle’ कार्यक्रम का सफल आयोजन किया। इस पहल का उद्देश्य रेलवे अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारों को स्वास्थ्य, फिटनेस और सक्रिय जीवनशैली के प्रति प्रोत्साहित करना था।
यह तीन किलोमीटर लंबा साइक्लिंग कार्यक्रम आरडीएसओ स्टेडियम से शुरू हुआ, जिसमें रेलवे अधिकारी, कर्मचारी, बच्चे और फिटनेस प्रेमी उत्साहपूर्वक शामिल हुए। कार्यक्रम के माध्यम से दैनिक जीवन में शारीरिक गतिविधियों के महत्व को रेखांकित किया गया।

आरडीएसओ के महानिदेशक उदय बोरवणकर हुए शामिल
कार्यक्रम में आरडीएसओ के महानिदेशक उदय बोरवणकर, अपर महानिदेशक पी. के. क्षत्रिय तथा खेल संघ के अध्यक्ष पी. के. पांडेय उपस्थित रहे। श्री बोरवणकर ने स्वयं भी साइक्लिंग यात्रा में भाग लेकर प्रतिभागियों को मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए प्रेरित किया। ‘Sundays on Cycle’ को सभी की ओर से शानदार प्रतिक्रिया मिली और इस दौरान स्वास्थ्य जागरूकता, सामुदायिक एकता और उत्साह का जीवंत वातावरण देखने को मिला। यह आयोजन फिट इंडिया और राष्ट्रीय स्वास्थ्य लक्ष्यों की दिशा में आरडीएसओ की सक्रिय प्रतिबद्धता को दर्शाता है।



