IRITM लखनऊ में विश्व पर्यावरण दिवस पर पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
अपर महानिदेशक ने संकाय सदस्यों एवं कर्मचारियों के साथ किया पौधों का रोपण

लखनऊ, 5 जून 2025
भारतीय रेल परिवहन प्रबंधन संस्थान (IRITM), लखनऊ में आज विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संस्थान के परिसर को हरित और पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर महानिदेशक संजय त्रिपाठी ने की। उन्होंने संकाय सदस्यों एवं कर्मचारियों के साथ मिलकर सागौन, कचनार, नींबू और कदंब जैसे स्थानीय जलवायु के अनुकूल पौधों का रोपण किया। इन पौधों का चयन उनके पर्यावरणीय महत्व को ध्यान में रखते हुए किया गया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में संजय त्रिपाठी ने कहा, “परिवहन का भविष्य प्रकृति के साथ संतुलन में होना चाहिए। ऐसी छोटी-छोटी मगर सार्थक पहलें बड़े बदलाव की नींव बनती हैं।” उन्होंने कहा कि यह वृक्षारोपण केवल संस्थान की शोभा नहीं बढ़ाता, बल्कि एक हरित, स्वच्छ और शिक्षण-अनुकूल वातावरण तैयार करने की दिशा में संस्थान की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने पौधों की देखभाल करने और वर्षभर पर्यावरण हितैषी गतिविधियों में भाग लेने की शपथ ली।
इस अवसर पर IRITM परिसर में पर्यावरणीय चेतना और हरियाली की भावना से ओत-प्रोत वातावरण देखने को मिला।



