उत्तर प्रदेश

विश्व पर्यावरण दिवस पर लखनऊ स्टेशन पर वृक्षारोपण और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा ने गांधी उद्यान में किया वृक्षारोपण, यात्रियों को बांटे कपड़े के थैले

-गांधी उद्यान में वृक्षारोपण से कार्यक्रम की शुरुआत।

-प्रथम श्रेणी पोर्टिको में रेल कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई।

-स्काउट और गाइड टीम द्वारा पर्यावरण पर आधारित नुक्कड़ नाटक का प्रभावशाली मंचन।

-स्वच्छता से जुड़ी सामग्री और संयंत्रों की प्रदर्शनी का निरीक्षण।

-यात्रियों को पर्यावरण संदेश युक्त कपड़े के बैग वितरित किए गए।

लखनऊ, 05 जून 2025

उत्तर रेलवे ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर लखनऊ रेलवे स्टेशन सहित मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर वृक्षारोपण और पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया। लखनऊ स्टेशन पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम की शुरुआत मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा ने गांधी उद्यान में वृक्षारोपण कर की। मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी इस अवसर पर पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सक्रिय सहभागिता निभाई।

मंडल के अन्य प्रमुख स्टेशनों — जैसे वाराणसी, अयोध्या धाम, बाराबंकी, रायबरेली, प्रयाग जं., अमेठी, प्रतापगढ़, उन्नाव, सुल्तानपुर, अकबरपुर और जंघई — पर भी इस अवसर पर वृक्षारोपण, जनजागरूकता कार्यक्रम, पंपलेट वितरण, पर्यावरण फ्रेंडली थैले बांटने जैसी गतिविधियाँ आयोजित की गईं। स्टेशनों पर यात्रियों व रेलकर्मियों ने “सेल्फी विद ट्री” कैंपेन में भाग लेकर जागरूकता का संदेश दिया।

लखनऊ मंडल के रेलवे चिकित्सालय में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संगीता सागर की अध्यक्षता में वृक्षारोपण किया गया। इस दौरान स्काउट-गाइड टीम ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से पर्यावरण की उपयोगिता और संरक्षण पर जोर दिया, जिससे मरीजों व पैरामेडिकल स्टाफ को जागरूक किया गया।

इस मौके पर मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा ने कहा, “पर्यावरण का संतुलन ही स्वस्थ जीवन का आधार है। वृक्षारोपण और हरियाली को बढ़ावा देकर हम आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित भविष्य दे सकते हैं।” उन्होंने सभी रेलकर्मियों व यात्रियों से अपील की कि वे प्लास्टिक का कम उपयोग करें और दैनिक जीवन में हरियाली को प्राथमिकता दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button