पूर्वोत्तर रेलवे में ‘अंतरराष्ट्रीय समपार जागरूकता दिवस’ पर विशेष अभियान
नुक्कड़ नाटक और जनजागरूकता से दी गई सुरक्षा की सीख

लखनऊ, 05 जून 2025
अंतरराष्ट्रीय समपार जागरूकता दिवस के अवसर पर पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल में मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन में एवं वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी डॉ. शिल्पी कन्नौजिया के निर्देशन में विभिन्न स्थानों पर समपार सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। गोरखपुर, सीतापुर, गोंडा, लखनऊ सहित मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों एवं समपार फाटकों पर नुक्कड़ नाटक “सावधानी हटी-दुर्घटना घटी” का मंचन किया गया। लखनऊ परिक्षेत्र के ऐशबाग, बादशाहनगर और डालीगंज क्षेत्रों में विशेष रूप से नुक्कड़ नाटक द्वारा यात्रियों को जागरूक किया गया।


गोण्डा-गोरखपुर रेलखंड, मैलानी एवं सीतापुर के समपार फाटकों पर भी सुरक्षा नियमों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम हुए। संरक्षा सलाहकारों ने लोगों को रेलवे अधिनियम की धारा 146 और 160 की जानकारी दी और पंपलेट वितरित किए।


रेल प्रशासन ने जनता से अपील की कि “जीवन समय से अधिक मूल्यवान है, समपार पार करते समय सतर्क रहें।” उद्घोषणा प्रणाली, पोस्टर, सोशल मीडिया और एसएमएस के माध्यम से भी संरक्षा संदेशों का प्रसार किया गया।



