पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल में विश्व पर्यावरण दिवस पर विविध आयोजन
लखनऊ जंक्शन पर आयोजित हुआ समापन समारोह, यात्रियों को बांटे गए कपड़े के थैले

लखनऊ, 05 जून 2025
पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल में 22 मई से 05 जून 2025 तक ‘विश्व पर्यावरण दिवस पखवाड़ा’ के अंतर्गत मंडल के विभिन्न स्टेशनों एवं प्रतिष्ठानों पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। पखवाड़ा समापन पर आज लखनऊ जंक्शन स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल की अध्यक्षता में मुख्य कार्यक्रम आयोजित हुआ।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) रजनीश गुप्ता, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (ईएनएचएम) रोहित कुमार त्रिपाठी सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे। मंडल रेल प्रबंधक ने ‘पर्यावरण संरक्षण’ विषयक प्रदर्शनी का अवलोकन किया, जिसमें मिट्टी के बर्तन और कपड़े के थैलों के स्टॉल लगाए गए थे। स्टेशन की ‘उद्यान वाटिका’ में वृक्षारोपण कर पर्यावरण के प्रति प्रतिबद्धता दर्शाई गई।


कार्यक्रम में सांस्कृतिक टीम ने पर्यावरण से जुड़े गीत प्रस्तुत किए, और स्काउट-गाइड सदस्यों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यात्रियों को जागरूक किया। रेल प्रबंधक ने रेलकर्मियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाई और यात्रियों को कपड़े के थैले वितरित किए।


गोरखपुर, गोण्डा, बस्ती, ऐशबाग, बादशाहनगर, रेलवे अस्पतालों और कॉलोनियों में भी वृक्षारोपण, प्रदर्शनी, सेमिनार, रैलियां और बच्चों की ड्राइंग प्रतियोगिता जैसे आयोजन हुए। रेलवे निर्माण परियोजनाओं में पर्यावरणीय संरक्षण को प्राथमिकता दी जा रही है।



