डीआरएम ने उतरेटिया-ट्रांसपोर्ट नगर-आलमनगर रेलखंड का किया निरीक्षण
यात्रियों की सुविधाओं को लेकर दिए अहम निर्देश

लखनऊ, 01 जून 2025
उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा ने रविवार को लखनऊ-उतरेटिया-ट्रांसपोर्ट नगर-आलमनगर-लखनऊ रेलखंड का निरीक्षण किया। उन्होंने मंडल के अन्य अधिकारियों के साथ विंडो ट्रेलिंग करते हुए रेल मार्ग की संरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और रास्ते में पड़ने वाले प्रमुख स्टेशनों का गहन निरीक्षण किया।
सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी ने बताया कि निरीक्षण की शुरुआत उतरेटिया रेलवे स्टेशन से हुई, जहाँ अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा की गई। मंडल रेल प्रबंधक ने फुट ओवर ब्रिज, प्लेटफार्म, शौचालय, टिकट वितरण काउंटर, सर्कुलेटिंग एरिया, पैनल रूम, उद्घोषणा प्रणाली और सेकंड एंट्री से जुड़े कार्यों की प्रगति का निरीक्षण किया और अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।


सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी ने बताया कि इसके बाद डीआरएम ने ट्रांसपोर्ट नगर स्टेशन पर यात्री सुविधाओं और निर्माण कार्यों की स्थिति की समीक्षा की गई। वर्मा ने सभी कार्यों को तय समयसीमा में पूरा करने पर जोर दिया। निरीक्षण का अंतिम पड़ाव आलमनगर रेलवे स्टेशन रहा, जहाँ उन्होंने रेल कोच रेस्टोरेंट, सर्कुलेटिंग एरिया, पैनल रूम, सफाई व्यवस्था, अप्रोच रोड और ड्रेनेज सिस्टम की स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों को यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए गए। इस दौरान मंडल के कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।



