उत्तर प्रदेश

महापौर सुषमा खर्कवाल के कार्यकाल के दो वर्ष पूरे, सेवा और समर्पण कार्यक्रम में दिखा जनसैलाब

रानी अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुई कार्यक्रम की शुरुआत

लखनऊ, 31 मई 2025

नगर निगम की महापौर सुषमा खर्कवाल के कार्यकाल के दो वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में शनिवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में एक भव्य “सेवा और समर्पण” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नगर निगम की उपलब्धियों का जश्न मनाया गया और लखनऊवासियों के सहयोग की सराहना की गई। कार्यक्रम की शुरुआत रानी अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुई। इसके बाद महापौर सुषमा खर्कवाल ने मंच पर सभी अतिथियों का स्वागत प्रतीक चिन्ह, अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी और नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा थे। राज्यसभा सांसद और लखनऊ के पूर्व महापौर दिनेश शर्मा, पूर्व सांसद कौशल किशोर, एमएलसी मुकेश शर्मा, बीकेटी विधायक योगेश शुक्ला, भाजपा नेता नीरज सिंह और महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक कार्यक्रम में मौजूद रहे।

सांसद दिनेश शर्मा ने महापौर और पार्षदों को दो वर्ष के सफल कार्यकाल की दी बधाई 

राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा ने महापौर और पार्षदों को दो वर्ष के सफल कार्यकाल की बधाई दी और लखनऊ नगर निगम की स्वच्छता व विकास योजनाओं की सराहना की। कार्यक्रम में नगर निगम के दो वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित लघु फिल्म और एक विशेष पुस्तिका का विमोचन भी किया गया।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन का  जताया आभार

अपने संबोधन में महापौर सुषमा खर्कवाल ने लखनऊ को स्वच्छ, सुंदर और स्मार्ट सिटी बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने शिवरी कूड़ा निस्तारण प्लांट, डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन, लखनऊ स्मार्ट ऐप और सीसीटीवी निगरानी जैसी योजनाओं का उल्लेख किया। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन का आभार जताया।

महापौर ने कहा कि रानी अहिल्याबाई होल्कर  केवल एक रानी नहीं, बल्कि जननायिका थीं

महापौर ने रानी अहिल्याबाई होल्कर की त्रिशताब्दी स्मृति का उल्लेख करते हुए कहा कि वे केवल एक रानी नहीं, बल्कि जननायिका थीं, जिनकी सोच आज भी प्रेरणास्रोत है। उन्होंने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए लखनऊ को स्वच्छ और विकसित बनाने के संकल्प के साथ भाषण समाप्त किया।

मंत्री ए.के. शर्मा ने अपने संबोधन में महापौर के कार्यों की सराहना की

वरिष्ठ नेता नीरज सिंह, महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी और मंत्री ए.के. शर्मा ने भी अपने संबोधन में महापौर के कार्यों की सराहना की और नगर निगम की उपलब्धियों को जनता के सामने रखा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने भी दो वर्ष की कार्ययात्रा की प्रशंसा करते हुए भारतीय संस्कृति में महिलाओं की भूमिका को रेखांकित किया। कार्यक्रम में सभी जोनों के पार्षदों को प्रतीक चिन्ह और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। मानकनगर वार्ड के पार्षद रंजीत सिंह को गोमती सफाई, कोरोना काल में सेवा और मूर्ति विसर्जन जैसे उल्लेखनीय कार्यों के लिए विशेष सम्मान प्रदान किया गया।

 

नगर निगम और जलकल विभाग के अधिकारियों को उत्कृष्ट कार्यों के लिए पुरस्कार

इस अवसर पर नगर निगम और जलकल विभाग के अधिकारियों को उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। टैक्स वसूली में उत्कृष्ट योगदान के लिए चीफ टैक्स असेसमेंट ऑफिसर अशोक सिंह, जोन-8 के जोनल अधिकारी अजीत राय, जोन-4 के अधिकारी संजय यादव और जलकल विभाग के पंकज सोती, विकास शर्मा व उत्कर्ष राय को क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार से नवाजा गया।

नगर आयुक्त गौरव कुमार के भाषण और राष्ट्रगान के साथ हुआ कार्यक्रम का समापन 

कार्यक्रम का समापन नगर आयुक्त गौरव कुमार के भाषण और राष्ट्रगान के साथ हुआ। यह आयोजन लखनऊ नगर निगम की उपलब्धियों, जनसेवा और टीम भावना का प्रतीक बनकर यादगार बन गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button