उत्तर प्रदेश-बिहार के बीच नए मार्गों और फेरों में वृद्धि पर सहमति
नए मार्गों और बढ़े हुए फेरों से होगी राजस्व में वृद्धि - अमित गुप्ता, प्रमुख सचिव परिवहन

लखनऊ, 29 मई 2025
उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग के प्रमुख सचिव अमित गुप्ता की अध्यक्षता में आज यूपीएसआरटीसी मुख्यालय, लखनऊ में उत्तर प्रदेश और बिहार राज्यों के बीच आवागमन सुविधाओं को बढ़ाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में बिहार राज्य की ओर से बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के प्रशासक अतुल कुमार ने भाग लिया। इस दौरान दोनों राज्यों के मध्य पहले से निष्पादित मूल्य समझौते में नए मार्गों को शामिल करने और परमिट व बस फेरों की संख्या बढ़ाने के लिए अनुपूरक समझौते किए जाने पर जोर दिया गया। इसका उद्देश्य उत्तर प्रदेश और बिहार के अंतर्राज्यीय मार्गों पर निगम और निजी स्वामित्व की बसों का संचालन सुनिश्चित करना है।

प्रमुख सचिव अमित गुप्ता ने कहा कि नए मार्गों और बढ़े हुए फेरों से जहां एक ओर राजस्व में वृद्धि होगी, वहीं दूसरी ओर यात्रियों को आवागमन में अधिक सहूलियत मिलेगी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री और परिवहन मंत्री का स्पष्ट निर्देश है कि प्रदेशवासियों को अधिक से अधिक परिवहन सेवाओं से जोड़ा जाए और उन्हें एक सरल, आरामदायक और सुरक्षित यात्रा का अनुभव मिले। इस बैठक में विशेष सचिव परिवहन के.पी. सिंह, प्रबंध निदेशक मासूम अली सरवर, अपर प्रबंध निदेशक रामसिंह वर्मा और बिहार पथ परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक पवन शांडिल्य सहित अन्य विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे।



