निजीकरण के विरोध में संविदा कर्मियों का अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार 17 जून से
पूर्वांचल और दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगमों के निजीकरण को लेकर विरोध तेज

लखनऊ, 20 मई 2025
उत्तर प्रदेश में विद्युत निगमों के निजीकरण के विरोध में विद्युत संविदा कर्मचारी महासंघ ने 17 जून 2025 से पूरे प्रदेश में अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार का ऐलान किया है। यह निर्णय महासंघ के घटक संगठनों की आज लखनऊ के नरही स्थित केंद्रीय कार्यालय में हुई बैठक में लिया गया।
बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ मजदूर नेता व प्रांतीय अध्यक्ष आर.एस. राय ने की। बैठक में पुनीत राय, मो. कासिफ, दिनेश सिंह भोले, विनोद कुमार, अमित खारी सहित कई संगठन पदाधिकारी शामिल हुए। प्रांतीय प्रभारी पुनीत राय ने मांग की कि निजीकरण की प्रक्रिया तुरंत रोकी जाए, निकाले गए संविदा कर्मियों को वापस लिया जाए, कर्मचारियों की सेवा आयु 60 वर्ष की जाए, श्रमिकों को ₹22,000 और लाइनमैन, एसएसओ व कंप्यूटर ऑपरेटर को ₹25,000 वेतन मिले। साथ ही सेवा काल में मृत्यु होने पर आश्रित को ₹20 लाख की बीमा राशि दी जाए।


महासंघ के मीडिया प्रभारी विमल चंद्र पांडेय ने चेतावनी दी कि यदि एक महीने के भीतर सरकार द्वारा निजीकरण की कार्रवाई वापस नहीं ली गई तो प्रदेशभर के 58,000 संविदा कर्मी 17 जून से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार शुरू करेंगे।



