भारतीय सेना के सम्मान में विद्युत संविदा कर्मियों की भूख हड़ताल स्थगित
पुनीत राय ने कहा कि यह केवल रोजगार नहीं, बल्कि श्रमिकों के सम्मान की लड़ाई

लखनऊ, 9 मई 2025
मध्यांचल विद्युत वितरण निगम में 4500 संविदा कर्मियों की छंटनी के विरोध में चल रही विद्युत संविदा मज़दूर संगठन की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल को शुक्रवार को तीसरे दिन स्थगित कर दिया गया। संगठन के प्रांतीय प्रभारी पुनीत राय द्वारा जारी अनशन को संगठन के संस्थापक आर.एस. राय के निर्देश पर मीडिया प्रभारी व प्रदेश अध्यक्ष विमल चन्द्र पांडेय ने जूस पिलाकर समाप्त कराया।

भूख हड़ताल स्थल पर विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए पुनीत राय ने कहा कि यह केवल रोजगार नहीं, बल्कि श्रमिकों के सम्मान और अधिकार की लड़ाई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संविदा कर्मियों के हितों की रक्षा के लिए आंदोलन जारी रहेगा। मीडिया प्रभारी व प्रदेश अध्यक्ष विमल चन्द्र पांडेय ने बताया कि भूख हड़ताल को भारतीय सेना के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए स्थगित किया गया है, लेकिन संगठन का संघर्ष तब तक रुकेगा नहीं जब तक न्याय नहीं मिल जाता।



