उत्तर प्रदेश

रजनीश गुप्ता ने ग्रहण किया अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) का पदभार 

1999 बैच के IRSSE अधिकारी हैं रजनीश गुप्ता

लखनऊ, 09 मई 2025:

पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल में रजनीश गुप्ता ने अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) के रूप में पदभार ग्रहण किया है। इससे पूर्व वे अनुसंधान, अभिकल्प एवं मानक संगठन (RDSO) लखनऊ में कार्यकारी निदेशक (सिग्नल एवं टेलीकॉम) के पद पर कार्यरत थे, जहाँ उन्होंने तकनीकी नवाचारों एवं मानकीकरण परियोजनाओं में उल्लेखनीय योगदान दिया।

श्री गुप्ता भारतीय रेलवे सेवा (IRSSE) के 1999 बैच के अधिकारी हैं। उन्होंने आईआईटी रूड़की से इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार अभियांत्रिकी में स्नातक की उपाधि प्राप्त की है। इसके अतिरिक्त, उन्होंने ISB मोहाली से पब्लिक पॉलिसी में एडवांस मैनेजमेंट प्रोग्राम तथा IGNOU से मनोविज्ञान और लोक प्रशासन में स्नातकोत्तर डिग्रियाँ भी अर्जित की हैं। वर्तमान में वे BIMTECH में ऑर्गनाइजेशनल बिहेवियर और मानव संसाधन प्रबंधन विषय में शोधरत हैं।

उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों को अंतरराष्ट्रीय पहचान भी मिली है। वे Fulbright & Nehru Visiting Scholar के रूप में अमेरिका की इंडियाना यूनिवर्सिटी, ब्लूमिंगटन में शोध हेतु चयनित हुए, जो भारतीय रेलवे के चंद अधिकारियों को ही प्राप्त हुआ है।

रेलवे सेवा के दौरान उन्होंने उत्तर और उत्तर मध्य रेलवे के कई मंडलों में विभिन्न प्रमुख पदों पर कार्य किया है। श्री गुप्ता ने उत्तर भारत के 50 से अधिक रेलवे स्टेशनों पर सिग्नलिंग के डिजिटलीकरण और आधुनिकीकरण कार्यों का नेतृत्व किया है। वे NAIR वडोदरा में प्रोफेसर के रूप में 2500 से अधिक अधिकारियों को प्रशिक्षित कर चुके हैं और IIM नागपुर तथा अन्य संस्थानों में भी व्याख्यान दे चुके हैं। श्री गुप्ता एक लोकप्रिय, नवोन्मेषी और समन्वयकारी प्रशासक के रूप में जाने जाते हैं। लखनऊ मंडल में उनके नेतृत्व से रेलवे परिचालन को नई दिशा मिलने की आशा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button