उत्तर प्रदेश

लखनऊ में यातायात सुधार को लेकर महापौर सुषमा खर्कवाल हुईं मुखर

लालबाग- कैसरबाग में अतिक्रमण पर अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई का आग्रह

टी एन मिश्र, लखनऊ।
राजधानी लखनऊ की यातायात व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित बनाने के लिए नगर निगम और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच आयुक्त कक्ष में आयोजित बैठक में महापौर सुषमा खर्कवाल ने बेबाकी से शहर की ज्वलंत समस्याएं उठाईं। मंडलायुक्त डॉ. रोशन जैकब और पुलिस आयुक्त अमरेंद्र कुमार सेंगर की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में डीएम विशाख जी अय्यर समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

महापौर सुषमा खर्कवाल ने लालबाग और कैसरबाग क्षेत्रों में अतिक्रमण को ट्रैफिक जाम की मुख्य वजह बताते हुए तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सार्वजनिक सड़कों को गैराज या बाजार में बदलने की प्रवृत्ति पर रोक जरूरी है।

चौराहों पर बच्चों से कराई जा रही भिक्षावृत्ति पर जताई गंभीर चिंता

महापौर सुषमा खर्कवाल ने ट्रैफिक सिग्नलों और चौराहों पर बच्चों से कराई जा रही भिक्षावृत्ति को गंभीर चिंता का विषय बताया और इसे रोकने के लिए संवेदनशील पहल की अपील की। साथ ही, रोडवेज बस चालकों द्वारा सड़क किनारे बस खड़ी कर सवारी भरने की प्रवृत्ति पर भी आपत्ति जताई, जिसे उन्होंने दुर्घटनाओं का कारण बताया।

बैठक में मंडलायुक्त और जॉइंट सीपी ने महापौर की मांगों पर सहमति जताते हुए शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। अन्य मुद्दों में अवैध पार्किंग, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था, ई-रिक्शा नियंत्रण और नाबालिग चालकों की अनियमितता पर भी चर्चा हुई।महापौर ने यह भी बताया कि अहमामऊ में अधूरा नाला निर्माण और खुर्रमनगर ओवरब्रिज के दौरान टूटी सीवर लाइन जैसी समस्याएं भी गंभीर हैं, जिन पर मंडलायुक्त ने NHAI को कार्रवाई के निर्देश दिए।

नगर की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ और सुरक्षित बनाना हमारी प्राथमिकता

महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा, “नगर की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ और सुरक्षित बनाना हमारी प्राथमिकता है। इसके लिए नगर निगम पूरी निष्ठा के साथ कार्य कर रहा है, लेकिन इसमें पुलिस और अन्य विभागों का समन्वय बेहद जरूरी है।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button