एकीकृत कमांड सेंटर से रेलवे अफसरों की चप्पे चप्पे पर नजर
डीआरएम, पीसीसीएम और सीनियर डीसीएम ने जमाया कंट्रोल में डेरा

श्रद्धालुओं के आवागमन से लेकर सुगम और संरक्षित परिचालन की निगरानी
वापसी के दौरान यात्रियों की जरूरत के अनुसार अतिरिक्त ट्रेनों की प्लानिंग
हर रेलकर्मी के साथ स्टेशन पर आने वाले प्रत्येक यात्री की गतिविधियों पर सीसीटीवी से निगरानी
कमांड कंट्रोल से होती है स्टेशन की पूरी व्यवस्था की मॉनीटरिंग
लखनऊ, 05 फरवरी।
उ त्तर रेलवे और उत्तर मध्यरेलवे रेलवे के अफसर प्रयागराज के सभी स्टेशनों की कंट्रोल कमांड सेंटर से लगातार निगरानी कर रहे हैं। उत्तर रेलवे के डीआरएम एसएम शर्मा प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक नरसिंह दास और सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी लगातार कमांड सेंटर से चप्पे चप्पे पर नजर रखने का काम कर रहे हैं।
महाकुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं के आवागमन की व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए उत्तर रेलवे और उत्तर मध्य रेलवे लगातार प्रयत्नशील है। जोनल रेलवे के सीनियर अफसरो के साथ ही दोनों मंडलों के मंडल रेल प्रबंधक लगातार मौके पर डेरा जमाए हैं। स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं की निरंतरता के साथ ही स्पेशल ट्रेनों और सामान्य ट्रेनों के संचालन की व्यवस्था वह अपनी निगरानी में करा रहे हैं। इसी क्रम में उत्तर रेलवे के सेन प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक नरसिंह दास बीते तीन दिनों से प्रयाग में जमे हैं। वह कमर्शियल विभाग की पूरी टीम को दिशा निर्देश देने के साथ ही कर्मचारियो के समस्याओं का भी निस्तारण कर रहे हैं। उत्तर रेलवे के वाणिज्य विभाग के सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक विनीत रंजन सहित सैकड़ों रेल कर्मचारी प्रयागराज में श्रद्धालुओं के सफर को आसान बनाने के लिए ड्यूटी कर रहे हैं।

कुशल एवं दूरदर्शी नेतृत्व में मुख्य एकीकृत कमांड सेंटर की स्थापना
उत्तर रेलवे के सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी ने बताया कि मण्डल रेल प्रबंधक एसएम शर्मा के कुशल एवं दूरदर्शी नेतृत्व में प्रयाग स्टेशन पर एक बड़े एवं मुख्य एकीकृत कमांड सेंटर की स्थापना की गई है। उन्होंने बताया कि यह मुख्य एकीकृत कमांड सेंटर पूरी व्यवस्था की रीढ़ की तरह काम कर रहा हैI जिससे रेल संबंधी सभी कार्यकलापों और सुरक्षित तथा संरक्षित परिचालन की दिशा में सभी कार्यों को सुगमता से कुशलतापूर्वक किया जाता हैI वस्तुतः यह एकीकृत कमांड सेंटर स्टेशन की कार्यप्रणाली का वह प्रमुख केंद्र है, जहां से स्टेशन की पूरी व्यवस्था की मॉनिटरिंग चौबीसों घंटे की जा रही है I इस कमांड सेंटर में 18 बड़ी स्क्रीन लगी हैं जिन पर स्टेशन के हर हिस्से में लगे सीसी टीवी कैमरों की सहायता से पूरी व्यवस्था को एकीकृत करते हुए एक ही जगह से मॉनिटरिंग संभव हो पा रही हैI

परिवर्तन एवं नई प्रणालियों के क्रियान्वयन के संबंध में निरंतर मीटिंग
सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी ने बताया कि मण्डल रेल प्रबंधक इस कमांड सेंटर में अन्य अधिकारियों के साथ आवश्यकता के अनुसार स्टेशन की गतिविधियों में परिवर्तन एवं नई प्रणालियों के क्रियान्वयन के संबंध में निरंतर मीटिंग करते रहते हैं। वह ताज़ा स्थितियों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सुधार, सुझाव एवं दिशा- निर्देश भी यहीं से पारित करते हैंI इसके साथ ही यह एकीकृत सेंटर रेलवे एवं राज्य सरकार के मध्य एक सेतु के रूप में कार्य कर रहा है। स्थानीय प्रशासन से आने वाले अधिकारियों और रेलवे के मध्य महाकुंभ संबंधी अनेक पहलुओं एवं महत्वपूर्ण बिंदुओं पर वार्ता करने तथा सर्वसम्मति से यात्री सुविधा तथा भीड़ प्रबंधन की दिशा में उठाए जाने वाले आवश्यक कदमों एवं प्रयासों को भी मूर्तरूप देने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन करता है I

अयोध्या धाम और वाराणसी जंक्शन पर भी बनाए गए कंट्रोल कमांड सेंटर
उत्तर रेलवे के सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी ने बताया कि प्रज्ञा की तर्ज पर ही अयोध्या धाम और वाराणसी स्टेशन पर कंट्रोल कमांड सेंटर स्थापित किए गए हैं प्रयागराज से जाने वाली भीड़ की ट्रेन इन स्टेशनों पर भी लगातार की जा रही है जिनकी जिम्मेदारी अपर मंडल प्रबंधक को सौंप गई है। उन्होंने बताया कि प्रयाग परिक्षेत्र के फाफामऊ जं. स्टेशन पर एवं महाकुंभ में आने वाले यात्रियों की वापसी के दौरान यात्रियों की जरूरत के अनुसार अतिरिक्त ट्रेनों की प्लानिंग की जाती है जिससे अयोध्या की ओर और वाराणसी की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं को विशेष ट्रेनों की सुविधा भी मिल रही है। वाराणसी तथा अयोध्या नगरों को जाने वाले यात्रियों को ध्यान में रखते हुए मण्डल के वाराणसी जं. एवं अयोध्या धाम जं. पर भी सहयोगी कमांड सेंटर बनाए गए हैं I



