लखनऊ एयरपोर्ट पर ‘उड़ान यात्री कैफे’ का शुभारंभ, 10 रुपये से मिलेगा अल्प आहार और पेय पदार्थ
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु ने किया ई-उद्घाटन

लखनऊ, 29 मार्च, 2026
लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के टर्मिनल-3 स्थित चेक-इन क्षेत्र में ‘उड़ान यात्री कैफे’ की शुरुआत हो गई है। इस कैफे में यात्रियों को मात्र 10 रुपये से शुरू होने वाले सस्ते रेट पर अल्प आहार और पेय पदार्थ उपलब्ध होंगे, जिससे आम यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु ने ई-उद्घाटन करते हुए कहा कि यह पहल यात्रियों के यात्रा अनुभव को बेहतर बनाने के साथ-साथ हवाई यात्रा को अधिक सुलभ और किफायती बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि कैफे के माध्यम से पानी, नाश्ता, पेय पदार्थ और मिठाइयां बेहद कम कीमत पर उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे यात्रियों की बुनियादी जरूरतें आसानी से पूरी होंगी।

यह पहल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने और एयरपोर्ट सेवाओं को अधिक सुलभ बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई है। अब यात्री एयरपोर्ट पर भी किफायती दरों पर गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री का लाभ उठा सकेंगे। इस नई पहल से हवाई यात्रा न सिर्फ सुविधाजनक बल्कि आम लोगों के लिए और अधिक सस्ती भी होती नजर आ रही है।

लखनऊ इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (एलआईएएल), जो अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड की सहायक कंपनी है, एयरपोर्ट के संचालन और विकास का कार्य देख रही है। एलआईएएल द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए डिजी यात्रा, ई-गेट्स, 2डी स्कैनर, सेल्फ बैगेज ड्रॉप और फास्टैग भुगतान जैसी कई आधुनिक सुविधाएं पहले से ही उपलब्ध कराई जा चुकी हैं।



