AAI के CNS ट्रेनिंग सेंटर लखनऊ में MSSR (ELDIS-2) पर पहला प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू
लखनऊ एयरपोर्ट के ATS कॉम्प्लेक्स में MSSR (ELDIS-2) रडार सिस्टम पर पहले प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ

लखनऊ, 09 फरवरी
लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे स्थित ATS कॉम्प्लेक्स में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) के CNS ट्रेनिंग सेंटर द्वारा MSSR (ELDIS-2) प्रणाली पर आधारित चार सप्ताह के पहले प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन नागरिक उड्डयन विभाग के निदेशक एवं मुख्यमंत्री के विशेष सचिव आई. पी. सिंह ने किया।
नागरिक उड्डयन विभाग के निदेशक एवं मुख्यमंत्री के विशेष सचिव आई. पी. सिंह ने कहा कि MSSR (ELDIS-2) जैसी अत्याधुनिक रडार प्रणाली हवाई यातायात प्रबंधन को और अधिक सुरक्षित, विश्वसनीय और सुदृढ़ बनाएगी। उन्होंने कहा कि बढ़ते हवाई यातायात के बीच आधुनिक तकनीक का प्रशिक्षण समय की आवश्यकता है और यह कार्यक्रम उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण द्वारा आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन CNS इंचार्ज ए. ए. अंसारी के कुशल मार्गदर्शन में किया जा रहा है। इस चार सप्ताह के कोर्स में देश के विभिन्न हिस्सों से आए प्रशिक्षणार्थियों को MSSR (ELDIS-2) प्रणाली के संचालन, अनुरक्षण और इसके तकनीकी पहलुओं पर विस्तृत एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे भविष्य में इस प्रणाली का बेहतर और सुरक्षित उपयोग सुनिश्चित कर सकें।
CNS इंचार्ज ए. ए. अंसारी ने बताया कि यह लखनऊ CNS ट्रेनिंग सेंटर में MSSR (ELDIS-2) पर आधारित पहला प्रशिक्षण कार्यक्रम है, जिससे तकनीकी क्षमता के साथ-साथ हवाई यातायात सेवाओं की गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार होगा। कार्यक्रम के माध्यम से एयर ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम को और अधिक मजबूत करने की दिशा में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण की प्रतिबद्धता भी स्पष्ट होती है।



