सीसीएसआई एयरपोर्ट पर सीएनएस प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ, उन्नत स्मार्ट कक्षा से बढ़ेगी तकनीकी दक्षता
सीएनएस विभाग की तकनीकी व संचालन संबंधी अहम भूमिका पर जोर

लखनऊ, 24 नवंबर।
लखनऊ के सीसीएसआई हवाई अड्डे पर सीएनएस (कम्युनिकेशन, नेविगेशन और सर्विलांस) प्रशिक्षण केंद्र का भव्य उद्घाटन किया गया। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में भारतीय वायुक्षेत्र में सुरक्षित और कुशल हवाई संचालन सुनिश्चित करने में सीएनएस विभाग की अहम भूमिका को रेखांकित किया गया।


कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण था अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित स्मार्ट कक्षा का शुभारंभ, जिसका उद्घाटन मुख्य अतिथि ईशान प्रताप सिंह, आईएएस (विशेष सचिव, मुख्यमंत्री कार्यालय एवं निदेशक, नागरिक उड्डयन, यूपी) ने फीता काटकर किया। उन्होंने कहा कि हवाई यात्राओं की सुरक्षा बनाए रखने में सीएनएस तकनीकी विशेषज्ञों का समर्पण और उत्कृष्टता अत्यंत महत्वपूर्ण है।


दीप प्रज्वलन के साथ आरंभ हुए समारोह में सीएनएस प्रभारी ए. ए. अंसारी ने मुख्य अतिथि और अन्य विशिष्ट अतिथियों का पौधा भेंटकर स्वागत किया। इस अवसर पर आर. के. किशोर (प्रभारी अधिकारी) और दर्शन सिंह (मुख्य हवाई अड्डा अधिकारी), लखनऊ इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड, ने भी संबोधित किया और एएआई तथा अन्य हितधारकों के सहयोग की सराहना की।


सीएनएस प्रभारी ए. ए. अंसारी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न हवाई अड्डों से आए बारह प्रशिक्षुओं का स्वागत किया गया। उन्हें नवीन स्मार्ट कक्षा में उन्नत प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। मुख्य अतिथि ईशान प्रताप सिंह के साथ आर कमल किशोर, संजय नारायण और अमित कुमार सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।



