IRTS अधिकारी नीतू ने संभाला पूर्वोत्तर रेलवे के ADRM (परिचालन) का पदभार
इज्ज़तनगर मंडल में सीनियर DSO और सीनियर DCM रह चुकी हैं नीतू

लखनऊ, 12 सितम्बर 2025
पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में नीतू ने अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) का पदभार ग्रहण कर लिया है। पदभार संभालने से पहले वे पूर्वोत्तर रेलवे इज्ज़तनगर मंडल में वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी के रूप में कार्यरत थीं।
पूर्वोत्तर रेलवे के PRO महेश गुप्ता ने बताया कि नीतू ने ऑर्गेनिक केमिस्ट्री विषय में परास्नातक (एम.एस.सी.) की डिग्री छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय से प्राप्त की है। 2007 बैच की भारतीय रेल यातायात सेवा (आईआरटीएस) की अधिकारी के रूप में उनकी पहली नियुक्ति पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल में सहायक परिचालन प्रबंधक (संचलन) के पद पर हुई थी।
वाणिज्य व परिचालन प्रबंधन में समृद्ध अनुभव, खेल व संगीत में विशेष रुचि
पूर्वोत्तर रेलवे के PRO महेश गुप्ता ने बताया कि अपने अब तक के कार्यकाल में उन्होंने मंडल वाणिज्य प्रबंधक (लखनऊ), वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक/सा0 (लखनऊ) और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (इज्ज़तनगर) जैसे कई महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है। श्रीमती नीतू को खेलों में भाग लेने और संगीत के प्रति विशेष रुचि है। रेलवे प्रबंधन में उनके गहन अनुभव और सहज कार्यशैली के कारण वे अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच समान रूप से लोकप्रिय हैं।



