उत्तर रेलवे में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम
डीआरएम कार्यालय परिसर से शुरू हुआ पर्यावरण संरक्षण का संकल्प, मंडल भर में चला अभियान

लखनऊ, 09 जुलाई 2025
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए आवाहन “एक पेड़ माँ के नाम” के अंतर्गत उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल में आज वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा के नेतृत्व में अपर मंडल रेल प्रबंधक नीलिमा सिंह एवं शूरवीर सिंह चौहान सहित सभी विभागाध्यक्षों और कर्मचारियों ने मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर में पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अपना योगदान दिया।
उत्तर रेलवे के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कुलदीप तिवारी ने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा ने कहाकि “वृक्ष केवल प्रकृति की शोभा नहीं, अपितु जीवनदायिनी छाया हैं। मातृशक्ति को समर्पित यह पहल हमें पर्यावरण के प्रति अपने उत्तरदायित्व की याद दिलाती है। हमें अधिकाधिक वृक्षारोपण कर भावी पीढ़ी को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण देना होगा।”

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कुलदीप तिवारी ने बताया कि कार्यक्रम में सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की और अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संकल्प लिया। अभियान के तहत लखनऊ मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों और कार्यालय परिसरों में भी वृक्षारोपण किया गया, जहां स्टेशन अधीक्षक, विभागीय अधिकारी और स्थानीय कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण हेतु योगदान दिया।



