उत्तर रेलवे के 55 रेल कर्मचारी सेवानिवृत्त, सम्मानपूर्वक दी गई विदाई
डीआरएम ने सेवानिवृत्ति समारोह में वितरित किए गए समापक भुगतान प्रपत्र और गोल्ड कोटेड स्मृति चिन्ह

लखनऊ, 01 जुलाई 2025
उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के 55 रेल कर्मचारी 30 जून 2025 को अपनी सेवा पूर्ण कर सेवानिवृत्त हो गए। इन सभी कर्मचारियों को आज मंडल कार्यालय सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में भावभीनी विदाई दी गई। कार्यक्रम में भावुक माहौल देखने को मिला, जहां सहकर्मियों ने अपने अनुभव साझा किए।
सेवानिवृत्ति समारोह की शुरुआत मंडल कार्मिक अधिकारी आर. सी. बैरवा द्वारा सभी कर्मचारियों के स्वागत एवं उनके सेवाकाल के प्रति आभार प्रकट करते हुए हुई। इसके उपरांत अपर मंडल रेल प्रबंधक शूरवीर सिंह चौहान ने प्रत्येक सेवानिवृत्त कर्मचारी को समापक भुगतान प्रपत्र और गोल्ड कोटेड चांदी का पदक भेंट कर सम्मानित किया।

समारोह के समापन पर मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा ने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों से संवाद किया और उन्हें अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की शुभकामनाएं दीं। समारोह में यह भी बताया गया कि समापक भुगतान राशि को संबंधित कर्मियों के बैंक खातों में सीधे RTGS के माध्यम से स्थानांतरित किया जाएगा।



