उत्तर प्रदेश

लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित उड़ान संचालन को लेकर जिला प्रशासन संग एईएमसी की बैठक आयोजित

अवैध निर्माण, मांस की दुकानें, जलभराव और पक्षी गतिविधियों पर हुई चर्चा, 7 दिन में कार्रवाई के निर्देश

लखनऊ, 23 जून 2025
चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित और सुचारू विमान संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से हवाई अड्डा पर्यावरण प्रबंधन समिति (AE​MC) की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता मंडल आयुक्त लखनऊ, डॉ. रोशन जैकब ने की। बैठक में हवाई अड्डे के संचालन में बाधा उत्पन्न करने वाले विभिन्न पर्यावरणीय और संरचनात्मक समस्याओं पर चर्चा की गई। इनमें हवाई अड्डे के आसपास अवैध निर्माण, अवैध मांस की दुकानें, ऊंचे पेड़, मोबाइल और हाई टेंशन टावर, जलभराव, लेजर लाइट, पतंगबाजी तथा कचरे के कारण पक्षियों की बढ़ती गतिविधियां प्रमुख मुद्दे रहे।

मंडल आयुक्त डॉ. जैकब ने सभी संबंधित विभागों को दिया निर्देश

बैठक में नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA), भारतीय हवाई अड्डा प्राधिकरण (AAI), एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC), एयरलाइंस प्रतिनिधियों, राजस्व विभाग, लखनऊ विकास प्राधिकरण, एयरटेल, उत्तर प्रदेश पुलिस, तथा वन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। मंडल आयुक्त डॉ. जैकब ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि वे सात दिनों के भीतर कार्रवाई कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होंने आश्वासन दिया कि सुरक्षित हवाई यातायात के लिए प्रशासन हर संभव सहयोग देगा।

हवाई अड्डे की टीम ने दी मंडलायुक्त को अत्याधुनिक उपकरणों की जानकारी

सीसीएसआई हवाई अड्डे के प्रवक्ता ने बैठक के बाद बताया कि एयरपोर्ट प्रशासन लखनऊ जिला प्रशासन, वन विभाग, विकास प्राधिकरण और पुलिस विभाग के निरंतर सहयोग के लिए आभार व्यक्त करता है। उन्होंने बताया कि हवाई अड्डे की टीम ने मंडलायुक्त को पक्षियों की गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए प्रयोग में लाए जा रहे अत्याधुनिक उपकरणों की जानकारी दी। साथ ही मानसून के दौरान एयरसाइड पर उठाए जाने वाले कदमों की भी जानकारी साझा की गई। हवाई अड्डा प्रशासन ने बैठक में बिजनौर नाले की सफाई, जलभराव रोकने के उपाय और अवैध मांस दुकानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की भी मांग रखी। यह बैठक हवाई सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और बहु-एजेंसी समन्वय के लिए एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button