उत्तर प्रदेश

पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर उत्साहपूर्ण आयोजन

“एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग” थीम पर स्टेशनोंऔर क्लब में हुआ योगाभ्यास

लखनऊ, 21 जून 2025
पूरे भारतीय रेल नेटवर्क में 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस इस वर्ष “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग” थीम के अंतर्गत मनाया गया। यह थीम मानव और विश्व स्वास्थ्य के बीच गहरे संबंध और सामूहिक कल्याण की भावना को रेखांकित करती है। योगाभ्यास कार्यक्रम में योग प्रशिक्षकों द्वारा त्रिकोणासन, अर्धचक्रासन, भुजंगासन, कपालभाति, अनुलोम-विलोम, प्राणायाम जैसे विभिन्न आसनों का अभ्यास कराया गया। इन आसनों से डायबिटीज, हृदय रोग, उच्च रक्तचाप, गैस, कब्ज, अर्थराइटिस जैसी बीमारियों में लाभ पहुंचाने की जानकारी दी गई।

रनिंग रूम, लॉबी, कोचिंग डिपो, चिकित्सालयों और मनोरंजन संस्थानों पर मनाया गया योग दिवस

इसी क्रम में पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के स्टेशनों, रनिंग रूम, लॉबी, कोचिंग डिपो, चिकित्सालयों और मनोरंजन संस्थानों पर योग दिवस पूरे उत्साह से मनाया गया। मंडल का मुख्य आयोजन रेलवे अधिकारी क्लब ‘दिलकुशा’, बन्दरियाबाग में हुआ, जहाँ मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल, अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) रजनीश गुप्ता, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) भुवनेश सिंह, शाखा अधिकारी और उनके परिजन शामिल हुए।

प्रतिदिन योग करने से शरीर और मन रहते हैं स्वस्थ- गौरव अग्रवाल

मंडल रेल प्रबंधक ने अपने संबोधन में कहा कि व्यस्त जीवनशैली में से समय निकालकर प्रतिदिन योग करने से शरीर और मन दोनों स्वस्थ रहते हैं। उन्होंने सभी रेलकर्मियों से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया। इस अवसर पर बादशाहनगर, ऐशबाग, गोण्डा, गोरखपुर डीजल लॉबी सहित अन्य केंद्रों पर भी योग सत्र आयोजित हुए। कार्यक्रम के समापन पर योग प्रशिक्षकों को स्मृति चिन्ह और शाल देकर सम्मानित किया गया। इस आयोजन में पूर्वोत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन की सदस्याएं, भारत स्काउट एवं गाइड्स के वॉलंटियर्स, शाखा अधिकारी, रेलवे कर्मचारी एवं उनके परिवारजन उत्साहपूर्वक शामिल हुए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button