आरडीएसओ में ‘योग संगम’ का भव्य आयोजन – प्रधानमंत्री के लाइव कार्यक्रम के साथ सहभागिता
आरडीएसओ के अधिकारियों, कर्मचारियों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

लखनऊ, 21 जून 2025
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आरडीएसओ में ‘योग संगम’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा विशाखापत्तनम से प्रसारित लाइव योग कार्यक्रम के साथ सामंजस्य में आयोजित किया गया। आरडीएसओ के अधिकारियों, कर्मचारियों, उनके परिजनों और परिसर में रह रहे छात्रों ने बड़ी संख्या में एकत्र होकर प्रधानमंत्री के उद्बोधन एवं योग अभ्यास का लाइव प्रसारण देखा एवं उसके अनुरूप सामूहिक योगाभ्यास किया।

योग संगम का आयोजन आरडीएसओ परिसर के बैडमिंटन हॉल, विद्यालयों एवं पार्कों में विभिन्न स्थानों पर किया गया, जहां प्रतिभागियों ने प्रशिक्षकों के निर्देशन में योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। कार्यक्रम में आरडीएसओ परिवार के सदस्यों, कर्मचारियों के परिजनों तथा परिसर स्थित विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम ने प्रधानमंत्री के “योग से सहयोग” और “एक भारत – स्वस्थ भारत” के संदेश को सजीव रूप में साकार किया। योग संगम ने न केवल शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाई, बल्कि एकजुटता और सामूहिक चेतना का भी अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया।



