IRITM में हुआ भारतीय रेलवे प्रबंधन सेवा का पहला दीक्षांत समारोह
16 परिवीक्षाधीन अधिकारी प्रशिक्षण पूर्ण कर भारतीय रेलवे में हुए शामिल

लखनऊ, 13 जून 2025
भारतीय रेलवे प्रबंधन सेवा (आईआरएमएस) के 2022 बैच का पहला दीक्षांत समारोह शुक्रवार को भारतीय रेलवे परिवहन प्रबंधन संस्थान (आईआरआईटीएम), लखनऊ में आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि रेलवे बोर्ड के अपर सदस्य (पर्यटन एवं खानपान) अमित वर्धन रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई, जिसमें अमित वर्धन के साथ संस्थान के अपर महानिदेशक संजय त्रिपाठी और अन्य गणमान्य अतिथियों ने सहभागिता की। इस अवसर पर आईआरआईटीएम के डीन शिशिर सोमवंशी ने परिवीक्षाधीन अधिकारियों को सेवा शपथ दिलाई।

16 आईआरएमएस-ट्रैफिक अधिकारी भारतीय रेलवे में हुए शामिल
2022 बैच के कुल 16 आईआरएमएस-ट्रैफिक अधिकारी 104 सप्ताह के गहन प्रशिक्षण के उपरांत भारतीय रेलवे में शामिल हुए। उन्होंने रेलवे प्रबंधन के विविध पहलुओं में प्रशिक्षण प्राप्त किया और अब विभिन्न जोनल रेलों में तैनाती के लिए तैयार हैं। इस दौरान 2022 बैच ने 2023 बैच को आईआरआईटीएम ध्वज सौंपकर विरासत हस्तांतरण की परंपरा निभाई। मुख्य अतिथि अमित वर्धन ने अधिकारियों को मजबूत कार्य नैतिकता और चुनौतियों का साहसपूर्वक सामना करने की प्रेरणा दी। साथ ही, उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। अपर महानिदेशक संजय त्रिपाठी ने संस्थान में प्रशिक्षण की गुणवत्ता और अधोसंरचना विकास की जानकारी साझा की।

समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों को पुरस्कार भी प्रदान किए गए:
कृतिका मिश्रा – सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षु अधिकारी
विशाल आनंद – सर्वश्रेष्ठ शैक्षणिक प्रदर्शन
अभिषेक कुमार सिंह – एस्प्रिट डी कॉर्प्स पुरस्कार
कृतिका मिश्रा (महिला) व मोहन दान – सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में श्रेष्ठ
रिया हिम्मतरामका (महिला) व अक्षय कुमार राजगौड़ा पाटिल – खेल गतिविधियों में श्रेष्ठ
डीन शिशिर सोमवंशी ने धन्यवाद ज्ञापन कर किया समारोह का समापन
समारोह में लखनऊ मंडल के अनेक वरिष्ठ अधिकारी और अतिथि भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में पाठ्यक्रम निदेशक अंबर प्रताप सिंह ने कोर्स रिपोर्ट प्रस्तुत की और डीन शिशिर सोमवंशी ने धन्यवाद ज्ञापन कर समारोह का समापन किया।



