राष्ट्रीय कुली मोर्चा के कोऑर्डिनेटर ने स्टेशन निदेशक प्रशांत कुमार को सौंपा ज्ञापन
कुलियों की रेलवे में नौकरी सुनिश्चित करे सरकार

प्राइवेट माई कुली एप्प का पूरे देश में विरोध
कुलियों की रेलवे में नौकरी सुनिश्चित करे सरकार
राष्ट्रीय कुली मोर्चा ने देशभर में प्रदर्शन कर रेल मंत्री को भेजा ज्ञापन
रेलवे के निजीकरण और आधुनिकीकरण से कुली त्रस्त
कुलियों की जीवन सुरक्षा और उनके कामकाज पर गंभीर खतरा
पश्चिम रेलवे में माई कुली एप्प के जरिए कुलियों पर लगाम
प्रयागराज समेत तमाम स्टेशनों पर ट्रॉली प्रथा का काम बाहरी लोगों को
लखनऊ, 25 अप्रैल ।
रेलवे में प्राइवेट कुलियों को माई कुली ऐप के जरिए नियोजित कर काम कराने का आज देशभर के कुलियों ने विरोध किया। देश के विभिन्न स्टेशनों पर कुलियों ने राष्ट्रीय कुली मोर्चा के बैनर तले संबंधित स्टेशन डायरेक्टर और स्टेशन प्रबंधक के माध्यम से रेल मंत्री को पत्र भेजा। लखनऊ के चारबाग स्टेशन पर भी स्टेशन निदेशक प्रशांत कुमार को कुलियों ने ज्ञापन सौंपा। कुलियों ने प्राइवेट माई कुली ऐप्प पर तत्काल रोक लगाने, कुलियों को रेलवे में नौकरी देने, उनकी सामाजिक सुरक्षा के लिए चालू योजनाओं को तत्काल लागू करने और प्रयागराज में कुलियों पर लगे मुकदमे वापस लेने की मांग उठाई ।

आधुनिकीकरण के कारण कुलियों की जीवन सुरक्षा और उनके कामकाज पर गंभीर खतरा
राष्ट्रीय कुली मोर्चा के कोऑर्डिनेटर राम सुरेश यादव ने बताया कि पूरे देश में रेलवे के निजीकरण और आधुनिकीकरण के कारण कुलियों की जीवन सुरक्षा और उनके कामकाज पर गंभीर खतरा पैदा हो गया है। पश्चिम रेलवे में माई कुली एप्प के जरिए कुलियों को नियोजित किया जा रहा है और प्रयागराज समेत तमाम स्टेशनों पर ठेकेदारों द्वारा ट्रॉली प्रथा के जरिए प्राइवेट कुलियों को काम सौंपा जा रहा है। उन्होंने कहा कि कुली इस देश का नागरिक है और रेलवे द्वारा नियुक्त किया गया है। इसलिए उसके जीवन सुरक्षा की जिम्मेदारी लेना सरकार का दायित्व है।

संसाधन नहीं है: अपने दायित्व से पल्ला नही झाड सकती सरकार
सरकार यह कहकर कि उसके पास संसाधन नहीं है अपने दायित्व से पल्ला नही झाड सकती है।सरकार यदि इच्छा शक्ति दिखाएं तो देश के बड़े कॉर्पोरेट घरानों की संपत्ति पर समुचित टैक्स लगाकर कुलियों के जीवन सुरक्षा और रेलवे में नौकरी को सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि रेल मंत्री द्वारा संसद में बताया गया कि कुलियों को शिक्षा-स्वास्थ्य समेत तमाम सामाजिक सुरक्षा दी जा रही है। जबकि जमीनी हकीकत यह है कि वह लागू नहीं हो रही है। इसलिए आज के प्रदर्शन में रेल मंत्री से मांग की गई है कि वह रेलवे में कुलियों को नौकरी दें और उनकी सामाजिक सुरक्षा के लिए दिए आदेशों को तत्काल प्रभाव से लागू करें।स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम का नेतृत्व लखनऊ जलील अहमद,इजहार आलम, नामदार, मोतीलाल, नदीम, हरिराम और रामचंद्र सहित कई कुली नेता मौजूद रहे।



