अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर नगर निगम में विशेष सदन का आयोजन
महापौर ने महिलाओं के योगदान के लिए किया सम्मानित

लखनऊ, 09 मार्च।
नगर निगम ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एक विशेष सदन का आयोजन किया। इस विशेष सदन का मुख्य उद्देश्य समाज और नगर निगम में महिलाओं के योगदान को पहचानना और उन्हें सम्मानित करना था। इस मौके पर महापौर सुषमा खर्कवाल और नगर आयुक्त इन्द्रजीत सिंह ने जिले की 40 महिला पार्षदों, नगर निगम की महिला अधिकारियों, महिला कर्मचारियों व सफाई मित्र बहनों को सम्मानित किया। महापौर सुषमा खर्कवाल ने महिलाओं के योगदान पर उनका आभार व्यक्त किया।
विशेष सदन की अध्यक्षता करते हुए महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी भागीदारी निभा रही हैं और नगर निगम के कार्यों में भी महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि लखनऊ नगर निगम की सफाई व्यवस्था हो या प्रशासनिक कार्य, महिलाएं हर मोर्चे पर मजबूती से खड़ी हैं और यह गर्व का विषय है।

महापौर ने महिला सशक्तिकरण पर दिया जोर
महापौर ने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण तभी संभव है जब उन्हें हर क्षेत्र में बराबरी का अवसर मिले और समाज में उन्हें सम्मानजनक स्थान दिया जाए। उन्होंने उपस्थित महिला कर्मचारियों, महिला सफाई मित्रों और महिला पार्षदों का विशेष रूप से आभार प्रकट करते हुए कहा कि लखनऊ शहर की स्वच्छता और विकास में उनका महत्वपूर्ण योगदान है।

महिला दिवस पर उत्कृष्ट महिलाओं को किया गया सम्मानित
नगर निगम द्वारा आयोजित इस विशेष सदन में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। इन महिलाओं ने अपने-अपने क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देकर समाज और नगर निगम का नाम रोशन किया है।

शिल्पा कुमारी (जोनल अधिकारी, जोन-2, नगर निगम लखनऊ)
महापौर ने नगर निगम लखनऊ के जोन-2 की जोनल अधिकारी शिल्पी कुमारी को भी उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। उन्होंने नगर निगम के तहत क्षेत्र की सफाई व्यवस्था, स्वच्छता प्रबंधन और प्रशासनिक कार्यों में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके योगदान के लिए माननीय महापौर जी ने उन्हें सम्मानित किया।

महिला सफाई मित्रों को किया गया सम्मानित
सदन के दौरान नगर निगम के सफाई मित्र बहनों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। माननीय महापौर ने कहा कि सफाई मित्रों का कार्य सबसे महत्वपूर्ण है और उनके बिना शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाना संभव नहीं है। नगर निगम की ओर से सफाई मित्र बहनों को सम्मानित किया गया। इस दौरान समाई मित्र (ड्राइवर) मीरा कश्यप, सोना, मंजूवारा, रसना खातून और मीनू को सम्मानित किया गया।

महिला पार्षदों की भूमिका को सराहा
विशेष सदन में उपस्थित जिले की 40 महिला पार्षदगण ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने नगर निगम के कार्यों में अपनी भागीदारी और चुनौतियों के बारे में चर्चा की। महिला पार्षदों ने कहा कि वे सदन के माध्यम से महिलाओं के अधिकारों और सुविधाओं के लिए लगातार कार्य करती रहेंगी और समाज में महिलाओं को बराबरी का स्थान दिलाने के लिए प्रयासरत रहेंगी।
राजेश्वरी त्रिपाठी – भाजपा अवध क्षेत्र की पूर्व महामंत्री व समाजसेवी
महिलाओं के अधिकारों, सामाजिक कार्यों और समाज के प्रति उनकी निष्ठा को देखते हुए नगर निगम द्वारा उन्हें सम्मानित किया गया। राजेश्वरी त्रिपाठी जी ने समाज में महिलाओं के अधिकारों के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं और लगातार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए काम कर रही हैं।
अनीता अग्रवाल – उत्तर प्रदेश बाल आयोग की पूर्व सदस्य एवं भाजपा नेता
बाल अधिकारों और महिलाओं के हितों के लिए कार्य करने वाली अनीता अग्रवाल जी को भी सम्मानित किया गया। उन्होंने बाल आयोग के सदस्य के रूप में समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को बखूबी निभाया है और महिलाओं के लिए प्रेरणास्त्रोत बनी हैं। माननीय महापौर जी ने उनके योगदान के लिए उन्हें सम्मानित किया।
मुस्कान (एंटरप्रेन्योर)
लखनऊ नगर निगम ने मुस्कान, जो एक सफल महिला उद्यमी (Entrepreneur) हैं, को सम्मानित किया। मुस्कान ने अपनी मेहनत और लगन से व्यवसाय के क्षेत्र में एक नई पहचान बनाई है और अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा बनी हैं।
विजेता (SFI) और मीनाक्षी (लखनऊ स्वच्छता अभियान सुपरवाइजर)
लखनऊ को स्वच्छ और सुंदर बनाने के अभियान में अहम भूमिका निभाने वाली मीनाक्षी, जोकि लखनऊ स्वच्छता अभियान (LSA) की सुपरवाइजर हैं और SFI विजेता को भी सम्मानित किया गया। मीनाक्षी और विजेता ने सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने और स्वच्छता रैंकिंग में लखनऊ को बेहतर स्थान दिलाने के लिए अहम योगदान दिया है।

महिलाओं को मिले समान अवसर और सम्मान
महापौर ने यह भी कहा कि नगर निगम के माध्यम से महिलाएं अब अधिक सक्रिय भूमिका निभा रही हैं और उनकी भागीदारी से लखनऊ का विकास और स्वच्छता अभियान और तेजी से आगे बढ़ेगा। उन्होंने सभी से अपील की कि हम सब मिलकर एक ऐसे समाज का निर्माण करें जहां महिलाओं को समान अवसर और सम्मान मिले। लखनऊ नगर निगम का यह विशेष सदन महिलाओं को सम्मानित करने और उनके कार्यों को सराहने के लिए एक प्रेरणादायक पहल रहा, जिसका उद्देश्य समाज में महिलाओं को और अधिक सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है। कार्यक्रम के अंत में महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने उपस्थित सभी महिलाओं, महिला पार्षदगण, महिला अधिकारीगण, महिला कर्मचारीगण, सफाई मित्र बहनों एवं पत्रकार बंधुओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लखनऊ नगर निगम महिलाओं के हित में हमेशा कार्य करता रहेगा और भविष्य में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए और भी योजनाएं चलाई जाएंगी।

सदन के पटल पर रखा गया “एक देश एक चुनाव” का प्रस्ताव
इस विशेष सदन के दौरान माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने सदन के पटल पर “एक देश, एक चुनाव” (One Nation, One Election) का प्रस्ताव भी प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि देशभर में अलग-अलग समय पर होने वाले चुनावों से सरकारी तंत्र और प्रशासनिक कार्य प्रभावित होते हैं। यदि पूरे देश में एक साथ चुनाव कराए जाएं तो इससे न केवल प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत होगी बल्कि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में भी तेजी आएगी।
महापौर ने कहा कि “एक देश, एक चुनाव” का विचार देशहित में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे समय और संसाधनों की बचत होगी और प्रशासनिक कार्यों में अधिक पारदर्शिता आएगी। इस प्रस्ताव का सदन में उपस्थित सभी माननीय महिला पार्षदगणों ने एक सुर में समर्थन किया और कहा कि यह पहल देश को एक नई दिशा और मजबूती प्रदान करेगी। महिला पार्षदों ने कहा कि इस प्रकार के निर्णय से स्थानीय प्रशासन के कामकाज में भी तेजी आएगी और नागरिकों को योजनाओं का शीघ्र लाभ मिलेगा।



