कुम्भ मेला यात्रियों के लिए जागरूकता अभियान, नुक्कड़ नाटक का आयोजन

गोरखपुर, 26 फरवरी, 2025
कुम्भ मेले में जाने वाले यात्रियों की सुरक्षित एवं संरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल द्वारा बुधवार को गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत प्लेटफार्म संख्या-2 पर अर्ज फाउंडेशन, गोण्डा के कलाकारों एवं पूर्वोत्तर रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के सहयोग से नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया।
अवैध वेण्डरों से खानपान की सामग्री न खरीदने जैसी महत्वपूर्ण बातों के प्रति किया जागरूक
नाटक के माध्यम से यात्रियों को रेलवे परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, कतारबद्ध होकर टिकट लेने, ट्रेनों में चढ़ते और उतरते समय सावधानी बरतने, प्लेटफार्म व पैदल उपरिगामी पुलों पर भीड़ न लगाने और अवैध वेण्डरों से खानपान की सामग्री न खरीदने जैसी महत्वपूर्ण बातों के प्रति जागरूक किया गया। इसके अलावा, समपार को बंद स्थिति में पार न करने, रेलवे ट्रैक पर शौच न करने, मवेशियों को रेलवे लाइन पर न छोड़ने तथा ट्रेनों के पायदान या छत पर यात्रा न करने जैसी सुरक्षा संबंधी हिदायतें भी दी गईं।
इस अवसर पर स्काउट एवं गाइड के सदस्य आकर्षक वेशभूषा में प्लेटफार्म और स्टेशन परिसर में घूमकर यात्रियों को जागरूक करते नजर आए।कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक विक्रम कुमार, स्टेशन निदेशक, गोरखपुर जे.पी. सिंह तथा वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, रेलवे सुरक्षा बल, लखनऊ चंद्र मोहन मिश्र सहित बड़ी संख्या में यात्री एवं रेलकर्मी उपस्थित रहे। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से सहयोग की अपील करते हुए सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित यात्रा के लिए जागरूकता अभियान को सफल बनाने का अनुरोध किया।



