BSNL ने लाखों एफटीटीएच उपयोगकर्ताओं को दी लाइव टीवी चैनल देखने की सुविधा
बीएसएनएल के सीएमडी ए. रॉबर्ट जे रवि ने यूपी ईस्ट में लांच किया आईएफटीवी

लखनऊ, 22 जनवरी।
BSNL ने लाखों एफटीटीएच उपयोगकर्ताओं को फ्री में 500 से अधिक लाइव टीवी चैनल देखने की सुविधा दे दी है। बीएसएनएल के एफटीटीएच ग्राहकों के लिए आईएफटीवी की सेवाओं का उद्घाटन बुधवार को बीएसएनएल बोर्ड के सीएमडी ए. रॉबर्ट जे. रवि ने किया। ऑनलाइन उद्घाटन समारोह में बीएसएनएल के सीएमडी, बीएसएनएल बोर्ड के सभी निदेशक और उत्तर प्रदेश पूर्वी परिमंडल के मुख्य महाप्रबंधक दूरसंचार एके मिश्र, प्रधान महाप्रबंधक अतुल शर्मा, प्रधान महाप्रबंधक ज़फ़र इक़बाल, उप महाप्रबंधक जयश्री उपस्थित रहे।
यूपी ईस्ट के बाद, आईएफटीवी को फरवरी 2025 में महाराष्ट्र, बिहार और झारखंड में शुरू किया जाएगा। जल्द ही देश भर में इसकी उपलब्धता की योजना बनाई गई है। अफसरों का दावा है कि इससे डिजिटल इंडिया के नए युग की शुरुआत होगी। OTTplay और BSNL मिलकर डिजिटल समावेशन को बढ़ावा देने लगे हैं। दोनों ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने के लिए जिम्मेदार हैं। BSNL की व्यापक नेटवर्क पहुंच को OTTplay की आकर्षक सामग्री के साथ जोड़कर, साझेदारी का उद्देश्य डिजिटल रूप से जुड़े भारत का मार्ग प्रशस्त करना है। जहां हर नागरिक को कभी भी और कहीं भी गुणवत्तापूर्ण सेवाओं तक पहुंच मिल सकेगी।

डिजिटल इंडिया के नए युग की शुरुआत
उत्तर प्रदेश पूर्वी परिमंडल के मुख्य महाप्रबंधक दूरसंचार एके मिश्र ने बताया कि फाइबर उपयोगकर्ताओं के लिए पायलट प्रोजेक्ट की शुरुआत की गई है। बुधवार को भारत संचार निगम लिमिटेड ने अपने उत्तर प्रदेश पूर्वी परिमंडल के भारत फाइबर उपयोगकर्ताओं के लिए आईएफटीवी सेवा का लखनऊ से पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुभारम्भ किया गया है। जो उत्तर प्रदेश पूर्वी परिमंडल के लाखों उपभोक्ताओं के लिए मनोरंजन के लिए एक अभूतपूर्व पहल मानी जा रही है। बीएसएनएल आईएफटीव़ी में लाइव टीवी सेवाओं का उद्देश्य डिजिटल मनोरंजन में क्रांति लाने के लिए शुरु किया गया है।

इंटरनेट प्रोटोकॉल पर बेस्ड है बीएसएनएल आईएफटीवी
BSNL ने अपनी इंटरनेट प्रोटोकॉल पर बेस्ड IFTV सर्विस को एक और बड़े राज्य में लॉन्च कर दिया है। पिछले साल आयोजित इंडिया मोबाइल कांग्रेस के दौरान सरकारी टेलीकॉम ऑपरेटर ने IFTV को लॉन्च किया था। इसे सबसे पहले दो राज्यों मध्य प्रदेश और तामिलनाडु में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू किया था। इसके बाद इस सर्विस को पंजाब और चंडीगढ़ के बाद गुजरात में लॉन्च किया गया। अब बीएसएनएल ने अपनी इस इंटरनेट प्रोटोकॉल बेस्ड IFTV को टेलीकॉम यूपी ईस्ट सर्किल में शुरू कर दी है।

बिना बफरिंग के फ्री में देख पाएंगे 500 चैनल
IFTV- भारत की पहली फाइबर बेस्ड इंटरनेट टीवी सर्विस है, जिसमें 500 से ज्यादा लाइव टीवी चैनल्स और प्रीमियम पे-टीवी कॉन्टेंट को क्रिस्टल क्लियर यानी बिना बफरिंग के लाइव टीवी चैनल का आनंद ले सकेंगे। बीएसएनएल की इस सर्विस में बिना सेट-टॉप बॉक्स के भी आप 500 से ज्यादा लाइव टीवी चैनल फ्री में देख सकेंगे। सरकारी टेलीकॉम कंपनी का दावा है कि इसमें यूजर्स ब्रॉडबैंड कनेक्शन पर HD क्वालिटी में लाइव टीवी चैनल का आनंद ले सकेंगे। यही नहीं, बीएसएनएल की इस IFTV को आप पुराने LCD या LED टीवी पर भी यूज कर सकेंगे। इसके लिए आपको अपने टीवी में Fire Stick लगाना होगा।

डायरेक्ट-टू-मोबाइल एंटरटेनमेंट पर बेस्ड BiTV सर्विस
इसके अलावा BSNL ने हाल ही में डायरेक्ट-टू-मोबाइल एंटरटेनमेंट पर बेस्ड BiTV सर्विस को भी लॉन्च किया है। यूजर्स अपने मोबाइल पर 300 से ज्यादा लाइव टीवी चैनल को बिना किसी एक्स्ट्रा चार्ज के देख पाएंगे। इसके लिए उनके पास BSNL का सिम कार्ड और इंटरनेट कनेक्शन की जरूरत है। बीएसएनएल ने इस पायलट प्रोजेक्ट को फिलहाल पुड्डुच्चेरी में शुरू किया है। जल्द ही, देश के अन्य शहरों में भी इस सर्विस की शुरुआत की जा सकती है।



