मुख्यमंत्री योगी ने किया ‘कायाकल्प’ पत्रिका के नवम अंक और वर्ष 2026 कैलेंडर का विमोचन
क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय की राजभाषा गतिविधियों को मिली नई पहचान

02 जनवरी 2026
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, लखनऊ की राजभाषा पत्रिका ‘कायाकल्प’ के नवम अंक तथा वर्ष–2026 के वार्षिक कैलेंडर का विमोचन कालिदास मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास पर किया गया। इस अवसर पर पासपोर्ट अधिकारी शुभम् सिंह ने मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट की। भेंट के दौरान पासपोर्ट सेवाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर सकारात्मक और सार्थक चर्चा हुई।

“भारतीय संविधान के 75 वर्ष” विषय पर आधारित है ‘कायाकल्प’ विशेषांक
‘कायाकल्प’ पत्रिका का यह नवम अंक “भारतीय संविधान के 75 वर्ष” विषय पर आधारित विशेषांक है। वर्ष 2025–26 में संविधान के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में इस विषय का चयन किया गया। विशेषांक में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, विदेश राज्य मंत्री कीर्तवर्धन सिंह, पबित्र मार्घेरिटा सहित कई विशिष्ट व्यक्तियों के प्रेरक संदेश शामिल हैं। साथ ही क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, लखनऊ के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लेख पत्रिका को समृद्ध बनाते हैं।

“द माइलस्टोन्स” रखी गई कैलेंडर की थीम
वर्ष–2026 के कैलेंडर की थीम “द माइलस्टोन्स” रखी गई है, जिसमें वर्ष 2025 की प्रमुख उपलब्धियों को दर्शाया गया है। इनमें 8,03,880 पासपोर्ट और 62,491 पीसीसी का निर्गमन, भारत के 450वें डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र का उद्घाटन, राजभाषा के क्षेत्र में प्राप्त पुरस्कार, पासपोर्ट वैन जैसे नवाचार और नागरिक-केंद्रित पहलें शामिल हैं। यह विमोचन कार्यक्रम न केवल राजभाषा के प्रति कार्यालय की प्रतिबद्धता को दर्शाता है, बल्कि पारदर्शी, संवेदनशील और उत्कृष्ट पासपोर्ट सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का भी प्रतीक है।



