लखनऊ ने किया वीर पुत्र अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला का भव्य स्वागत
उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक महापौर सुषमा खर्कवाल ने एयरपोर्ट पर किया हार्दिक अभिनंदन

लखनऊ, 25 अगस्त 2025
लखनऊ नगर निगम की ओर से सोमवार को शहर के वीर पुत्र, वायु सेना के जांबाज़ ग्रुप कैप्टन एवं अंतरिक्ष यात्री श्री शुभांशु शुक्ला के सम्मान में भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। महापौर सुषमा खर्कवाल ने एयरपोर्ट पर स्वयं पहुंचकर उनका हार्दिक अभिनंदन किया। इस दौरान उन्होंने शुभांशु जी एवं उनके परिवार से शिष्टाचार भेंट कर आत्मीय वार्ता भी की।
महापौर ने कहा कि यह दिन लखनऊ के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। एक्सिओम मिशन-4 में मिशन पायलट के रूप में अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष केंद्र पर तिरंगा फहराकर शुभांशु शुक्ला ने न केवल भारत का, बल्कि अपने गृहनगर लखनऊ का भी मान-सम्मान पूरी दुनिया में बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि श्री शुक्ला आने वाली पीढ़ियों के लिए साहस, समर्पण और देशभक्ति की जीवंत प्रेरणा हैं।


लखनऊ नगर निगम द्वारा उनके आगमन पर विशेष रोडशो का आयोजन किया गया। शहर की सड़कों पर जगह-जगह नागरिकों ने फूलों की वर्षा कर उनका स्वागत किया और वातावरण “भारत माता की जय” और “जय हिंद” के नारों से गूंज उठा। शहरवासियों में जबरदस्त उत्साह और गर्व की अनुभूति दिखाई दी।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी आदरणीय अनिल कुमार, उत्तर प्रदेश सरकार में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के माननीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) आदरणीय गिरीश चंद्र यादव, भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी सहित पार्टी पदाधिकारी, नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी, कार्यकर्तागण, शहर की गणमान्य जन उपस्थित रहे।


महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि लखनऊवासियों का यह जनसैलाब और आत्मीय स्वागत इस बात का प्रमाण है कि शहर अपने वीर पुत्र पर कितना गर्व करता है। उन्होंने शुभांशु शुक्ला को शुभकामनाएं देते हुए कहा – “आपने भारत को गौरवान्वित किया है, हमें विश्वास है कि आपका यह साहसिक कदम आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा और विज्ञान के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करने के लिए प्रेरित करेगा।”



