उत्तर प्रदेश

लखनऊ में अवैध बसों पर परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 31 वाहन बंद, 3 का चालान

लखनऊ, 24 अगस्त 2025
शहर में अवैध रूप से संचालित हो रही बसों और निजी वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग ने रविवार को बड़ी कार्रवाई की। विभिन्न मार्गों पर परमिट शर्तों का उल्लंघन कर चल रही 31 गाड़ियां (30 बसें और एक अर्टिगा कार) को सीज कर दिया गया, वहीं 3 बसों का चालान किया गया।

अभियान के दौरान अलीगंज चौराहा, अवध चौराहा, कमता चौराहा सहित शहर के कई स्थानों पर बिना अनुमति चल रही अनियमित बसों को पकड़ा गया। इनमें से 13 बसें अलीगंज क्षेत्र से, 12 बसें सीतापुर मार्ग पर, जबकि 6 बसें आगरा एक्सप्रेसवे से पकड़ी गईं।

वाहनों पर मोटर वाहन अधिनियम 1988 की धारा 207 के तहत कार्रवाई करते हुए कई बसों को सीज किया गया। इस दौरान कई थानों की पुलिस और प्रवर्तन टीम ने संयुक्त रूप से ऑपरेशन चलाया।

संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) प्रभात पांडेय ने बताया कि बिना परमिट बसों का संचालन न केवल अवैध है, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए भी खतरा है। ऐसे वाहनों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। प्रवर्तन अभियान में ARTO राजीव कुमार बंसल, आभा त्रिपाठी, अनीता वर्मा, मनोज भारद्वाज और PTO एसपी देव शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button